Delhi Police FIR: नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा AI-मॉर्फ्ड तस्वीर का मामला सामने आया है। एक 25 वर्षीय महिला की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने साइबर पुलिस थाने में FIR दर्ज की है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी निजी तस्वीर का इस्तेमाल बिना अनुमति किया गया और AI तथा फेस-स्वैप तकनीक के जरिए उसमें डिजिटल बदलाव कर एक कथित फर्जी तस्वीर तैयार की गई।
शिकायत के मुताबिक, यह तस्वीर CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान बैनर और पोस्टर पर प्रदर्शित की गई। महिला का आरोप है कि प्रदर्शन स्थल पर इन पोस्टरों को लोगों के सामने दिखाया गया और उसके खिलाफ आपत्तिजनक एवं अमर्यादित नारे लगाए गए।
महिला ने यह भी दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो में कथित तौर पर पोस्टर और नारे दिखाई-सुनाई दिए और बाद में इन्हें सोशल मीडिया, जिसमें इंस्टाग्राम भी शामिल है, पर प्रसारित किया गया। उसका कहना है कि तस्वीर के कथित दुरुपयोग से उसकी प्रतिष्ठा और निजी गरिमा प्रभावित हुई।
शिकायत में इन चार नामों का उल्लेख
शिकायत में CJP से जुड़े अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका और रत्ना सिंह के नाम का उल्लेख किया गया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस की FIR में इन चारों को आरोपी के तौर पर नामित नहीं किया गया है। पुलिस मामले में कथित तस्वीर के निर्माण, प्रदर्शन और ऑनलाइन प्रसार से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

