बीरेंद्र कुमार झा
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर कर्नाटक बीजेपी में घमासान जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने पार्टी से बगावत कर दी है।उन्होंने पार्टी आलाकमान के फैसले पर नाराजगी जाहिर की है और आगामी चुनाव हर हाल में लड़ने का निर्णय लिया है।
बीजेपी आलाकमान ने जगदीश से तार से चुनाव नहीं लड़ने के लिए कहा था
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व जगदीश शेट्टार को 10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के लिए कहा गया, जिसपर इन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं को अपनी अप्रसन्नता से अवगत करा दिया है। हुबली- धारवाड़ से मौजूदा विधायक शेट्टार ने बताया कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से कहा है कि वे फिर से चुनाव लड़ेंगे ।उन्होंने पार्टी नेतृत्व से एक और अवसर देने का अनुरोध किया है। शेट्टार ने कहा कि उन्होंने शीर्ष नेतृत्व से कहा है कि उनका निर्णय इन्हें स्वीकार नहीं है। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं से इस पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। मुझे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संदेश मिला कि मैं वरिष्ठ हूं और एक पूर्व मुख्यमंत्री हूं, इसलिए दूसरों को अवसर दीजिए।
पार्टी को मजबूत करने के लिए 30 वर्ष कड़ी मेहनत की
बीजेपी की कर्नाटक इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता रह चुके शेट्टार ने कहा कि उन्होंने उत्तरी कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने के लिए 30 वर्ष कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने मुझे दो से 3 महीने पहले बताया होता तो यह मेरे लिए सम्मानजनक होता, लेकिन अब नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होने में सिर्फ 2 दिन शेष रह गए हैं। इसलिए मैं निश्चित रूप से आहत हुआ हूं। मैंने उनसे कहा है कि मैं चुनाव लड़ूंगा ।आपने जो कुछ भी कहा है वह मेरे लिए स्वीकार्य नहीं है ,इसलिए कृपया अपने निर्णय पर पुनर्विचार करें और मुझे एक बार फिर से चुनाव लड़ने का अवसर दें।

