Jagannath Yatra 2023: देशभर में जगन्नाथ यात्रा का शुभारंभ, Ahmedabad में सीएम भूपेंद्र पटेल ने लगाई ‘झाड़ू’, अमित शाह ने की मंगल आरती

0
162

न्यूज डेस्क
गुजरात के अहमदाबाद शहर में भगवान जगन्नाथ की 146वीं रथयात्रा मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी और सभी के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और आध्यात्मिक समृद्धि की कामना की। पहली बार रथयात्रा में पूरे मार्ग पर निगरानी के लिए 3डी मैपिंग तकनीक का इस्तेमाल किया है और किसी भी अवैध ड्रोन को आने से रोकने के लिए ड्रोन-रोधी प्रौद्योगिकी का भी उपयोग किया जा रहा है।

इससे पहले पुरी श्रीमंदिर में सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के ‘‘नबजौबन दर्शन” किए। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के एक अधिकारी ने बताया कि अनुष्ठान निर्धारित समय सुबह 8 बजे से 45 मिनट पहले 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू हुआ।

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने लगाई झाडू

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोने की झाड़ू से रथ का मार्ग साफ करने की प्रतीकात्मक रस्म के रूप में ‘पाहिंद विधि’ में भाग लिया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के रथ जमालपुर इलाके में स्थित 400 साल पुराने जगन्नाथ मंदिर से 18 किलोमीटर की रथयात्रा के लिए निकले।

गृहमंत्री अमित शाह ने की मंगल आरती

रथयात्रा शुरू होने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुबह मंदिर में ‘मंगल आरती’ की। अमित शाह अपने एक दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे हुए हैं। उन्होंने जमालपुर इलाके में ‘रथ यात्रा’ से पहले जगन्नाथ मंदिर की ‘मंगल आरती’ में हिस्सा लिया। गृह मंत्री अमित शाह आज कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here