बीरेंद्र कुमार झा
छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले प्रदेश में रैलियों का दौर जारी है। इसी क्रम में कांकेर जिला मुख्यालय में स्थित नरहरदेव हाईस्कूल मैदान में मोदी सरकार के 9 साल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालने के लिए आयोजित जनसभा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संबोधित किया और भारत के पड़ोसी देश को चेतावनी दी कि यदि किसी ने देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो करारा जवाब दिया जाएगा।
भारत बन चुका है मजबूत देश
सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने उरी (2016) और पुलवामा (2019) में आतंकवादी हमले के बाद भारत की प्रतिक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक शक्तिशाली देश के रूप में उभरा है।हमारा देश अब कमजोर देश नहीं है। पाकिस्तान से कुछ आतंकवादियों ने घुसपैठ की और हमारे जवानों पर हमला करने का काम किया।इस हमले में कई जवान शहीद हो गए।उन्होंने कहा कि मैं तथा प्रधानमंत्री ने दिल्ली में एक बैठक की और 10 मिनट के भीतर निर्णय लिया।हमारे सेना के जवानों ने पाकिस्तान की धरती पर सर्जिकल स्ट्राइककर आतंकवादियों को सफलतापूर्वक मार गिराया।
नक्सली समस्या का रक्षा मंत्री ने किया जिक्र
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि यदि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने पूरा सहयोग किया होता तो देश से नक्सली समस्या समाप्त हो चुकी होती। छत्तीसगढ़ लंबे समय से वामपंथी उग्रवाद की समस्या से जूझ रहा है।पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रभावी करवाई से वामपंथी उग्रवाद का प्रभाव कम होता दिख रहा है। रक्षा मंत्री ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में विशेषकर बस्तर क्षेत्र में जबरन धर्म परिवर्तन बढ़ता नजर आ रहा है। कांग्रेस सरकार को इस पर रोक लगानी चाहिए।
भारत के पड़ोसी देशों को दी चेतावनी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने भाषण में आगे कहा कि मैं भारत के पड़ोसी देशों को यह बता देना चाहता हूं कि भारत के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास मत करना। भारत को आंख दिखाने की कोशिश भी मत करना। हम केवल इस पार से ही नहीं मारेंगे,जरूरत पड़ने पर उस पार जाकर भी मारने की ताकत रखते हैं। अब भारत बदल चुका है।

