तो क्या पंजाब में ऑपरेशन कमल जारी है ?

0
102

अखिलेश अखिल
सामने लोकसभा चुनाव है और देश के भीतर हर पार्टियां उम्मीदवारों के चयन और चुनावी समीकरण को साध रही है लेकिन पंजाब में कुछ और ही होता दिख रहा है। पंजाब में बीजेपी कुछ बड़ा खेल करने को तैयार है। जिस तरह का खेल और जिस तरह की सूचनाएं पंजाब से मिल रही है उससे साफ़ लगता है कि इस बार बीजेपी की निगाह आप पार्टी पर है और उसे किसी भी सूरत में पंजाब में कमजोर करने को तैयार है।

बीजेपी को लग रहा है कि अगर आप को साध लिया जाए तो खेल वही होगा जो बीजेपी चाह रही है। पंजाब में ऑपरेशन कमल की कहानी आगे बढ़ती दिख रही है।

पंजाब से आम आदमी पार्टी के एकमात्र लोकसभा सदस्य और एक विधायक के बुधवार को बीजेपी में शामिल होने के तुरंत बाद राज्य के तीन ‘आप’ विधायकों ने दावा किया कि उन्हें फोन कॉल के जरिये बीजेपी में शामिल होने पर पैसे देने की पेशकश की गई।

आप’ ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पंजाब में ‘फिर से ऑपरेशन लोटस’ शुरू कर दिया है और अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही है। आरोपों पर बीजेपी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
जलालाबाद से आप विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने दावा किया कि उन्हें मंगलवार को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से सेवक सिंह नामक व्यक्ति का फोन आया जिसने बीजेपी में शामिल होने की पेशकश की।

गोल्डी ने संवाददाताओं को बताया कि उसने उनसे बीजेपी में शामिल होने के लिए कहा। विधायक के मुताबिक, फोन करने वाले ने कहा, ‘‘हम 20-25 करोड़ रुपये देंगे। मैंने कहा कि मुझे इसकी जरूरत नहीं है।’’

इसी तरह के दावे बल्लुआना से विधायक अमनदीप सिंह और लुधियाना दक्षिण से विधायक राजेंद्र पाल कौर छीना ने भी किए। तीनों विधायकों ने कहा कि वे पार्टी नहीं छोड़ेंगे।

गोल्डी ने आरोप लगाया कि बीजेपी केजरीवाल और आप से डरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जहां वे लोगों का जनादेश जीतने में विफल रहते हैं, वे किसी भी कीमत पर विधायकों, सांसदों और अन्य आप नेताओं को खरीदने की कोशिश करते हैं।’’

लुधियाना दक्षिण से विधायक छीना ने भी दावा किया कि उन्हें सेवक सिंह नामक व्यक्ति का फोन आया था। उन्होंने बताया कि फोन कॉल अंतरराष्ट्रीय नंबर से की गई। छीना ने कहा कि फोन करने वाले ने उन्हें बीजेपी में शामिल होने की पेशकश की।

विधायक अमनदीप सिंह ने भी दावा किया कि उन्हें मंगलवार को एक फोन कॉल आया और उस व्यक्ति ने कहा कि वह दिल्ली से बोल रहा है। सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने मुझसे बीजेपी में शामिल होने के लिए कहा और 45 करोड़ रुपये की पेशकश की।’’

आप’ नेताओं ने ये आरोप उस दिन लगाए जब उसके एकमात्र लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू पार्टी विधायक शीतल अंगुराल के साथ बीजेपी में शामिल हो गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here