Asia Power Index 2026: एशिया में भारत की बढ़ती ताकत और प्रभाव को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में जगह मिली है। ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट की ओर से जारी एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत ने तीसरा स्थान बरकरार रखा है। 40.5 अंकों के साथ भारत जापान और रूस से आगे है। इस सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है।
अमेरिका और चीन के बीच घटा अंतर
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का कुल पावर स्कोर पिछले साल के मुकाबले 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है। अमेरिका को 78.9 और चीन को 73.6 अंक मिले हैं। दोनों देशों के बीच अंतर घटकर 5.3 अंक रह गया है, जो 2018 में इस इंडेक्स की शुरुआत के बाद सबसे कम है। भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे, जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
पीएम मोदी को क्षेत्रीय नेतृत्व में दूसरा स्थान
इस रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता बताया गया है। इस मामले में वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे स्थान पर हैं। लोवी इंस्टीट्यूट के अनुसार, भारत का कूटनीतिक प्रभाव मजबूत बना हुआ है। रक्षा सहयोग, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री और क्षेत्रीय व्यापारिक संबंधों ने भी भारत की स्थिति को मजबूती दी है।
27 देशों और क्षेत्रों का आकलन
लोवी इंस्टीट्यूट का एशिया पावर इंडेक्स 2026 कुल 131 संकेतकों के आधार पर एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों की ताकत और प्रभाव का आकलन करता है। इसमें आर्थिक और सैन्य क्षमता, कूटनीतिक प्रभाव, रक्षा नेटवर्क, आर्थिक संबंध और भविष्य के संसाधनों जैसे पहलुओं को शामिल किया गया है।
रिपोर्ट में भारत की आर्थिक क्षमता के स्कोर में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई है, हालांकि भविष्य के संसाधनों और सांस्कृतिक प्रभाव के मामले में सुधार देखने को मिला है। कुल मिलाकर, भारत ने एशिया की प्रमुख शक्तियों में अपनी तीसरी रैंकिंग कायम रखी है।

