बीरेंद्र कुमार झा
आम आदमी पार्टी के महा रैली के दौरान रामलीला मैदान में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन की शुरुआत में लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप सभी लोग अपने अपने मोबाइल फोन निकाल लें और अपने कैमरे और फेसबुक लाइव चालू कर दें। एक साथ 1 लाख लोग लाइव करेंगे।इसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज से 12 साल पहले हम लोग इसी रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के खिलाफ जुटे थे।मैं इसे नमन करता हूं।आज फिर इसी मंच से हम तानाशाही को खत्म करने के लिए जमा हुए हैं। जैसे उस वक्त भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारा आंदोलन सफल हुआ था, आज उसी तरह संविधान को बचाने और तानाशाही को खत्म करने का हमारा जो आंदोलन शुरू हुआ है उसे भी जल्दी सफलता मिलेगी।
प्रधानमंत्री पर बोला हमला
इसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार के अध्यादेश पर सीधे प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों ने 8 साल तक सुप्रीम कोर्ट के अंदर लड़ाई लड़ी।अभिषेक मनु सिंघवी ने अदालत में दिल्ली के लोगों के लिए लड़ाई लड़ी और मैं उन्हें धन्यवाद भी देना चाहता हूं। केजरीवाल ने कहा कि आज से 1 महीने पहले 11 मई को देश की सबसे बड़ी अदालत ने दिल्ली के लोगों की हक में आदेश पारित किया और उसके 1 हफ्ते के बाद 19 मई को देश के प्रधानमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को खारिज कर दिया। देश के सबसे बड़ी अदालत के फैसले को खारिज कर दिया। पूरे देश के लोग स्तब्ध हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि भारत में जनतंत्र है, जनता अपनी सरकार चुनती है और सरकार को अपना काम करने का अधिकार होना चाहिए। लेकिन अहंकार की वजह से यह अध्यादेश लाया गया।
केंद्र सरकार के आदेश को बताया दिल्ली के लोगों के मुंह पर मारा गया तमाचा
अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के लोग दिन-रात गालियां देते रहते हैं, लेकिन मेरे पास इतना काम है कि मैं उन्हें जवाब भी नहीं दे पाता।लेकिन इस बार बीजेपी ने दिल्ली की जनता के मुंह पर तमाचा मारा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पूरे देश में घूम रहा हूं। कई राज्यों के मुख्यमंत्री ने मुझे भरोसा दिया है।केजरीवाल ने कहा कि भविष्य में 140 करोड़ लोग मिलकर इस अध्यादेश का विरोध करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा ही अध्यादेश जो दिल्ली के लिए लाया गया है वैसा ही अध्यादेश राजस्थान, मध्य प्रदेश, और महाराष्ट्र के लिए भी लाया जाएगा। इसे सभी को मिलकर अभी रोकना पड़ेगा। हम इस अध्यादेश को किसी भी कीमत पर रद्द कराकर रहेंगे। केजरीवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कर कर रहेंगे। केजरीवाल ने कहा कि देश में महंगाई बढ़ती जा रही है। जीएसटी से व्यापारियों का बेड़ा गर्क हो गया है।
अपनी सरकार का किया बखान
इस रैली में अपनी सरकार का बखान करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हमने अच्छे स्कूल बनवाए और बिजली पानी मुफ्त कर दिया। केजरीवाल ने अपने पुराने साथियों को याद करते हुए कहा कि सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को जेल में डाल दिया गया, लेकिन हमारे पास एक सौ सिसोदिया हैं और दिल्ली में काम रुकेंगे नहीं। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री दिल्ली के हर अच्छे काम को रोक रहे हैं। केजरीवाल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के तौर पर मोदी के 21 साल पर केजरीवाल के 8 साल भारी पड़ गए हैं।

