पटना (बीरेंद्र कुमार): बिहार के मुंगेर जिला में गंगटा-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग एनएच 333 पर मंगलिया मोड़ के समीप रात में डीटीओ बनकर गंगटा जंगल से निकलने वाले बालू के वाहनों से वसूली करने के मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक अन्य व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल हो गया। गिरफ्तार दोनों व्यक्ति गंगटा थाना क्षेत्र के मिल्की गांव का रहने वाला है। इस मामले में पीड़ित ट्रक चालक के बयान पर गंगटा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
बालू लदे ट्रकों के कागजात की जांच कर रहा था ठग
प्राप्त जानकारी के अनुसार जमुई जिला के लक्ष्मीपुर-गंगटा जंगल से दर्जनों की संख्या में बालू लदा वाहन जाते रहता है। तीनों ठग मांगनिया मोड़ के समीप बालू लदे वाहनों को रोककर उसके कागजात की जांच कर रहे थे।चालकों ने जब उनके बारे में पूछा तो उन लोगों में से एक ने खुद को जिला परिवहन पदाधिकारी यानी डीटीओ और दो अन्य ने अपने आपको उनका सहायककर्मी बताया। वह कागजात और बालू चालान की जांच के नाम पर ट्रक चालकों से अवैध वसूली कर रहा था।
ट्रक चालक ने पुलिस को किया फोन
तीनों ठग ट्रक चालकों के चालान और उनके कागजात को गलत बताकर प्रति ट्रक ₹1 लाख का डिमांड कर रहा था। इस बीच जमुई जिला के झाझा प्रखंड के औरैया गांव के निवासी ट्रक चालक पिंटू यादव ने उन लोगों से छिपकर गंगटा थाना को इस बात की सूचना दे दी। इसके बाद गंगाटा थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो पुलिस को आते देख तीनों ठग वहां से भागने लगे।पुलिस ने खदेड़ कर इनमें से दो ठगों को गिरफ्तार कर लिया,जबकि एक ठग पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल हो गया।गिरफ्तार ठग का नाम सौरव सिंह तथा निक्कू सिंह है, जो मिल्की गांव का निवासी है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी?
गंगटा थाना के थाना थाना प्रभारी सुनील कुमार साहनी ने बताया कि उनको ट्रक चालकों ने सूचना दी थी कि डीटीओ बताकर कुछ लोग मंगनीयां मोड़ के पास कागजात में फॉल्ट बताकर एक-एक लाख रुपए सभी चालकों से मांग रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मिल्की गांव के 2 ठगों को गिरफ्तार किया जबकि एक भागने में सफल रहा। ट्रक चालक के बयान पर तीनों ठगों के खिलाफ रंगदारी,फर्जी अधिकारी बनकर धन उगाही करने और राहगीरी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है,और गिरफ्तार दोनों ठगों को जेल भेज दिया गया है।

