Aaj Ka Mausam 7 November 2026: देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के कई हिस्सों में 7 से 10 नवंबर के बीच बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और माहे में भारी बारिश की आशंका है। वहीं, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर से सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
IMD के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 8 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी कुछ इलाकों में तेज बारिश का अनुमान है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। झोंकों के दौरान इनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। केरल, लक्षद्वीप, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
10 नवंबर से उत्तर भारत में बदलेगा मौसम
दक्षिण भारत के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर-पश्चिम भारत में दिखाई दे सकता है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 नवंबर से बारिश शुरू होने का अनुमान है, जबकि 11 और 12 नवंबर को कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में 10 से 12 नवंबर और उत्तराखंड में 8 से 9 नवंबर के दौरान हल्की बारिश के आसार हैं। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 11-12 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में 12 नवंबर को भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।
बिहार, झारखंड और बंगाल समेत पूर्वी राज्यों में भी बारिश
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। अंडमान-निकोबार में 8 से 12 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। यहां 9 से 11 नवंबर के बीच भारी बारिश भी हो सकती है।
झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 से 11 नवंबर तक बारिश के आसार हैं। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 9 से 12 नवंबर, बिहार में 10 नवंबर और ओडिशा में 7 तथा 10-11 नवंबर को बारिश हो सकती है। ओडिशा में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी है।
मध्य और पश्चिम भारत में मौसम रहेगा सामान्य
IMD के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मध्य और पश्चिम भारत में किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। इन क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। कुल मिलाकर दक्षिण भारत में बारिश और आंधी का असर अधिक रहेगा, जबकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भी मौसम बदल सकता है।

