न्यूज़ डेस्क
आज शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क यानी एनआईआरएफ 2023 की सूची को जारी किया है। इस सूची में आईआईटी मद्रास को देश में नंबर एक शैक्षणिक संस्थान के रूप में स्थान दिया गया है। इसके बाद भारतीय विज्ञानं संस्थान यानी आईआईएससी और आईआईटी दिल्ली का स्थान है।
मूल रूप से रैंकिंग की चार सामान्य कैटेगरी थीं, ओवरऑल, विश्वविद्यालय, कॉलेज और रिसर्च। आठ विषय-विशिष्ट रैंकिंग के साथ, कैटेगरी की कुल संख्या अब बढ़कर 12 हो गई है। नई कैटेगरी में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी, कानून, मेडिकल, आर्किटेक्चर और डेंटल शामिल हैं। इस साल कृषि और संबद्ध क्षेत्रों की एक नई कैटेगरी जोड़ी गई है।
विश्वविद्यालय कैटेगरी में, आईआईएससी बेंगलूरु पहले स्थान पर है, उसके बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और जामिया मिलिया इस्लामिया हैं। रिसर्च कैटेगरी में, आईआईएससी बैंगलोर ही पहले स्थान पर है, इसके बाद आईआईटी मद्रास और आईआईटी दिल्ली हैं।
कॉलेज कैटेगरी में, दिल्ली विश्वविद्यालय का मिरांडा कॉलेज लिस्ट में सबसे ऊपर है, उसके बाद हिंदू कॉलेज और चेन्नई का प्रेसीडेंसी कॉलेज है। आईआईटी मद्रास देश के सर्वश्रेष्ठ इंजीनियरिंग कॉलेजों की लिस्ट में सबसे ऊपर है, इसके बाद आईआईटी दिल्ली और आईआईटी बॉम्बे का स्थान है। आईआईटी मद्रास ने लगातार आठवें साल सर्वश्रेष्ठ इंजीनियरिंग कॉलेज के रूप में अपना स्थान बरकरार रखा है।
मैनेजमेंट कैटेगरी में, भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद रैंकिंग में सबसे ऊपर है। इसके बाद आईआईएम बैंगलोर और आईआईएम कोझिकोड का स्थान रहा। आर्किटेक्चर में, आईआईटी रुड़की ने शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कैवोर औरआईआईटी खड़गपुर का स्थान रहा।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ,दिल्ली मेडिकल कैटेगिरी में सबसे ऊपर है, इसके बाद पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च ,चंडीगढ़ और क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, वेल्लोर हैं। कानून की कैटेगरी में बेंगलूरु स्थित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी पहले नंबर पर है। एनएलयू दिल्ली और हैदराबाद में नेशनल एकेडमी ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
नए जोड़े गए कृषि और संबद्ध क्षेत्रों की कैटेगरी में, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली रैंकिंग में सबसे ऊपर है। इसके बाद राष्ट्रीय डेयरी संस्थान, करनाल और पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना का स्थान रहा।

