न्यूज डेस्क
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली साल 2023 के लिए वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए हैं। आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 में टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने वाले विराट के लिए यह साल शानदार रहा। उन्होंने भारत को वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने में अहम योगदान दिया। विराट कोहली चार बार वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने।
विराट कोहली ने साल 2023 में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था। वनडे में 2023 में विराट ने 27 मैचों में 1377 रन, 1 विकेट और 12 कैच पकड़े हैं। वर्ल्ड कप 2023 में विराट कोहली बल्ला खूब गरजा था। विराट कोहली ने भारत के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए पूरे टूर्नामेंट में 95.62 की औसत और 90.31 की स्ट्राइक रेट से 765 रन बनाए थे। इस दौरान तीन शतक जड़े थे। इसके अलावा विराट ने वर्ल्ड कप में सबसे अधिक व्यक्तिगत स्कोर बनाने के सचिन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था।
विराट कोहली के आईसीसी अवॉर्डस:
- आईसीसी वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर 2012, 2017, 2018, 2023
- आईसीसी वनडे क्रिकेटर ऑफ द डेकेड
- आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द डेकेड
- आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2017, 2018
- आईसीसी स्पिरिट ऑफ द गेम 2019
- आईसीसी टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर 2018

