पटना: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजधानी पटना में आगामी 7 जून (रविवार) को एक विशेष और नि:शुल्क मार्गदर्शन सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है, जहां इस वर्ष के कई सफल IAS टॉपर्स अभ्यर्थियों को सफलता के गुर बताएंगे।
यह सेमिनार नेशनल एसोसिएशन ऑफ सिविल सर्वेंट्स (NACS) बिहार-झारखंड के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में सुबह 10 बजे से किया जाएगा।
UPSC टॉपर्स बताएंगे सफलता का रोडमैप
सेमिनार में इस वर्ष UPSC परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई सफल अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। इनमें राघव झुनझुनावाला (AIR-4), उज्ज्वल प्रियांक (AIR-10), प्राची हनी (AIR-28), अनिकेत कुमार (AIR-48) और हर्षवर्धन (AIR-424) सहित कई सफल उम्मीदवार शामिल होंगे।
ये सभी अभ्यर्थियों के साथ अपनी तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन, वैकल्पिक विषय चयन और इंटरव्यू की तैयारी से जुड़े अनुभव साझा करेंगे।
IAS अधिकारी भी करेंगे मार्गदर्शन
कार्यक्रम में वर्ष 2014 बैच के IAS अधिकारी संतोष कुमार राय भी शामिल होंगे। वे सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे और युवाओं को प्रशासनिक सेवा में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
पूरी तरह नि:शुल्क है सेमिनार
आयोजकों के अनुसार यह सेमिनार पूरी तरह निशुल्क है। इसमें वे सभी छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं जिन्होंने 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है या स्नातक कर रहे हैं अथवा स्नातक पूरा कर चुके हैं और भविष्य में UPSC या अन्य सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं।
टॉपर्स से सीधे पूछ सकेंगे सवाल
इस सेमिनार की खास बात यह होगी कि प्रतिभागियों को UPSC टॉपर्स से सीधे संवाद करने और अपनी तैयारी से जुड़े सवाल पूछने का अवसर मिलेगा। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा की वास्तविक चुनौतियों और तैयारी के सही तरीके को समझने में मदद मिलेगी।
आयोजकों ने पटना और आसपास के जिलों के सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से इस सेमिनार में भाग लेने और इसका लाभ उठाने की अपील की है।

