अब तक आप AI से सवाल पूछते थे और वह जवाब देता था। लेकिन सोचिए, अगर AI आपके लिए ईमेल पढ़े, जरूरी जानकारी निकाले, मीटिंग तय करे और रिपोर्ट भी तैयार कर दे तो? यही काम AI एजेंट कर सकते हैं। इन्हें आप अपना डिजिटल असिस्टेंट समझ सकते हैं, जो सिर्फ सलाह नहीं देता, बल्कि आपकी अनुमति से कई काम खुद भी कर सकता है।
जैसे, आपने सामान्य AI से पूछा कि दिल्ली से जयपुर जाने के लिए कौन सी ट्रेन अच्छी रहेगी। वह आपको जानकारी देगा। लेकिन AI एजेंट ट्रेन खोज सकता है, समय और किराया देख सकता है और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा सकता है। हालांकि, टिकट बुक करने और भुगतान करने के लिए संबंधित सेवा की सुविधा और आपकी मंजूरी जरूरी हो सकती है।
AI एजेंट बनाने के लिए कई मॉडल्स हैं, लेकिन अधिकतर में पेड या बिजनेस सब्सक्रिप्शन की जरूरत होती है।
ChatGPT, गूगल वर्कस्पेस स्टूडियो, कोपायलट या Claude के जरिए बगैर किसी कोडिंग की जानकारी के AI एजेंट बना सकते हैं।
1. ChatGPT (chatgpt.com/gpts)
वेबसाइट खोलने पर बाईं ओर GPTs या Explore GPTs पर क्लिक करें। इसके बाद Create का विकल्प चुनें। यहां अपने AI असिस्टेंट का नाम लिखें, जैसे Office Buddy और इसके Instructions में बताएं कि एजेंट को क्या काम करना है। अगर जरूरत लगे तो कुछ डॉक्यूमेंट्स और सुविधाओं से जोड़ दें। Preview में एजेंट से सवाल पूछकर टेस्ट करें और सब सही मिले तो Save या Create पर क्लिक करें। खबर लिखने, रिसर्च करने और दस्तावेज समझने के लिए यहां से एजेंट बनवाना सही होगा।
2. गूगल वर्कस्पेस स्टूडियो (studio.workspace.google.com)
अपने अकाउंट से लॉग-इन करने के बाद होम पेज पर नीचे Workspace Studio मिलेगा। इस पर क्लिक करने के बाद Describe a task for Gemini विकल्प आएगा। जिस काम के लिए एजेंट बनाना चाहते हैं, उसे विस्तार से बिल्कुल सरल तरीके से लिख दें, फिर क्रिएट पर क्लिक करें। इसके बाद Gemini आपके निर्देश के मुताबिक AI एजेंट बना देगा। एक बार एजेंट बनने के बाद Test run से जांच करें और सही होने पर Turn on पर क्लिक कर दें। ईमेल, गूगल शीट और रोज के काम अपने आप कराने के लिए यह बेस्ट है।
3. कोपायलट (copilotstudio.microsoft.com)
वेबसाइट पर जाने के बाद बाईं ओर Agents पर क्लिक करें। अब New agent का विकल्प चुनें। यहां अपने एजेंट का कोई भी नाम रखें, फिर Instructions में उससे कौन-कौन से काम कराने हैं, उसे विस्तार से आसान तरीके से लिखें। फिर Save पर क्लिक करके एजेंट बना लें। अगर जरूरत हो तो Knowledge में दस्तावेज और Tools में ईमेल, डॉक्स, ड्राइव समेत कई सुविधाओं को जोड़ सकते हैं। इसके बाद टेस्ट विकल्प से एजेंट की जांच करें और सही होने पर Publish पर क्लिक करें और जरूरी सेटिंग पूरी करें। ऑफिस, टीम और ग्राहक सेवा से जुड़े कामों के लिए इसका रिजल्ट सही होता है।
4. क्लॉड (claude.ai)
वेबसाइट खोलने के बाद बाई ओर Projects का विकल्प चुनें और New Project पर क्लिक करें। यहां सबसे पहले अपने एजेंट को कोई नाम दें। फिर Project Instructions में बताएं कि एजेंट को कौन-कौन से काम करने हैं। इसे ईमेल, ड्राइव, क्लाउड, ऐप या दूसरी जगहों की अनुमति दे सकते हैं। प्रोजेक्ट में नई चैट खोलकर उसे कोई काम दें और जवाब में देखें कि आपकी उम्मीद के मुताबिक है या नहीं। अगर न हो तो निर्देश बदलें और टेस्ट में सही होने पर सेव कर दें। अगर सही तरीके से निर्देश दिए गए तो यह मल्टीटास्किंग में बेस्ट है। क्लॉड का Cowork भी डिफाल्ट एजेंट है, जिससे कई चरणों वाला काम दे सकते हैं, फाइलों और दूसरे ऐप से जोड़ सकते हैं और तय समय पर काम करने के निर्देश भी दे सकते हैं।
एजेंट तो इस तरह से बना लिए जा सकते है, लेकिन इसके बावजूद कई बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है क्योंकि AI एजेंट गलत जानकारी दे सकता है या निर्देश समझने में गलती कर सकता है। इसलिए बैंकिंग, पेमेंट, निजी जानकारी साझा करने और जरूरी दस्तावेज भेजने जैसे कामों में अंतिम मंजूरी अपने पास रखें। एजेंट को उतनी ही अनुमति दें, जितनी काम के लिए जरूरी हो।

