उत्तराखंड में बदरीनाथ हाईवे पर भीषण हादसा, टेम्पो ट्रैवलर नदी में जा गिरा, 13 की मौत,कई घायल

0
141

न्यूज डेस्क
उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग-बदरीनाथ हाईवे पर रेंतोली के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां यात्रियों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर वाहन अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरा। इस हादसे में करीब 13 लोगों की मौत हो गई है। जबकि छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। लापता लोगों को तलाश करने की कोशिश की जा रही है। घायलों को एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर ऋषिकेश भेजा गया है। आईजी गढ़वाल के मुताबिक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल 26 यात्री सवार थे। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग मदद के लिए चीख पुकार करने लगे। जिसके बाद वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। हादसे के बारे में जानकारी देते हुए, आईजी गढ़वाल, करण सिंह नागन्याल ने कहा कि रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक मौके पर हैं। टेम्पो ट्रैवलर नोएडा(यूपी) से रुद्रप्रयाग की ओर आ रही थी। यह 150-200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। सबसे पहले 7 शव बरामद होने की पुष्टि हुई थी। घटना स्थल पर रेक्स्यू ऑपरेशन किया जा रहा है। नदी का बहाव तेज होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन चारधाम यात्रा का नहीं था। इसलिए वाहन का ट्रिप कार्ड नहीं बनाया गया था। साथ ही यात्रियों का पंजीकरण भी नहीं था। ट्रिप कार्ड व पंजीकरण की बाध्यता सिर्फ चारधाम वाहनों व यात्रियों के लिए है। बताया जा रहा है कि जब ब्रहमपुरी में वाहन को पंजीकरण जांच के लिए रोका गया तो चालक ने चोपता तुंगनाथ ट्रिप पर जाने की बात कही। जिस पर वाहन को चेक पोस्ट से छोड़ दिया गया। वाहन में सभी सवार युवा थे। जो चोपता-तुंगनाथ-चंद्रशिला की ट्रिप पर पर निकले थे। वाहन हरियाणा का था। जिसका एक साल पहले ही पंजीकरण किया गया था। वाहन के सभी दस्तावेज पूर्ण थे। वाहन में यात्री दिल्ली से बैठाए गए थे।

 इस हादसे पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया है। धामी ने एक्स पर लिखा- ‘जनपद रुद्रप्रयाग में टेम्पो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ। स्थानीय प्रशासन व SDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है। घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार हेतु भेज दिया गया है। जिलाधिकारी को घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। बाबा केदार से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here