Bihar News: स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कमांड कंट्रोल सेंटर से मरीजों से की सीधी बात, जिला अस्पतालों की व्यवस्थाओं की हुई लाइव मॉनिटरिंग

0
23

Bihar News: बिहार सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री Nishant और विभागीय सचिव Kumar Ravi ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जिला अस्पतालों की ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग की।

इस दौरान उन्होंने वैशाली और अररिया जिला अस्पताल के मरीजों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से सीधे बातचीत कर अस्पतालों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

  मरीजों ने कहा- इलाज कराने में नहीं हो रही कोई परेशानी

लाइव मॉनिटरिंग के दौरान मरीजों ने अस्पतालों में मिल रही सुविधाओं की खुलकर तारीफ की। कई मरीजों ने बताया कि अब ओपीडी और पर्ची कटाने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और व्यवस्थित हो गई है।

एक मरीज ने बताया कि उन्होंने फोन से ही रजिस्ट्रेशन कराया और जिला अस्पताल में जांच एवं इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। वहीं एक महिला मरीज ने कहा कि भव्या ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन के बाद डॉक्टरों ने जांच की और दवाइयां आसानी से उपलब्ध करा दी गईं।

अस्पतालों में उपलब्ध हैं आधुनिक सुविधाएं

वैशाली जिला अस्पताल के डीपीएम ने जानकारी दी कि अस्पताल के ओपीडी में प्रतिदिन 200 से अधिक मरीजों की जांच की जाती है। अस्पताल में एक्स-रे, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही जिले में एंबुलेंस सेवा भी सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।

अररिया जिला अस्पताल में इलाज के लिए आई महिलाओं ने भी अस्पताल में उपलब्ध दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की सराहना की। एक महिला मरीज ने बताया कि ऑपरेशन के लिए भर्ती होने के बाद उन्हें अस्पताल में बेहतर देखभाल मिल रही है।

नवजात शिशुओं की सुविधाओं का भी लिया जायजा

स्वास्थ्य मंत्री ने अररिया जिला अस्पताल के इनबॉर्न और आउटबॉर्न SNCU का लाइव फीड भी देखा। उन्होंने वहां मौजूद डॉक्टरों से नवजात शिशुओं के इलाज और संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी ली।

इसके अलावा ड्रग काउंटर पर दवाओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

IT आधारित फीडबैक सिस्टम बनाने का निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों से नियमित फीडबैक लिया जाए और अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि शिकायत और सुझाव के लिए IT आधारित फीडबैक व्यवस्था विकसित की जाए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here