बीरेंद्र कुमार झा
हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है,जहां कुंवारों और विधूरों को पेंशन दी जाएगी। हरियाणा सरकार ने 45 से 60 साल की उम्र के निम्न आय वर्ग वाले अविवाहित व्यक्तियों के लिए ₹2750 प्रति माह पेंशन देने की गुरुवार को घोषणा की। इसी तरह की एक पेंशन योजना विधुर यानि ऐसे पुरुष जिनकी पत्नी का देहांत हो गया हो, के लिए भी शुरू की गई है ।गौरतलब है की हरियाणा सरकार पहले ही से 60 साल से ऊपर के निम्न आय वर्ग के लोगों को वृद्धावस्था मासिक पेंशन मुहैया करा रही है।
कुंवारों को हरियाणा सरकार देगी ₹2750 प्रतिमाह पेंशन
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरुवार को कहा कि 45 से 60 आयु वर्ग के अविवाहित पुरुष और महिलाएं जिनकी वार्षिक आय ₹1.80 लाख से कम है, उन्हें ₹2750 प्रति माह पेंशन मिलेगी।
विधुरों को भी मिलेगी ₹2750 प्रति माह पेंशन
हरियाणा में कुंवारों के साथ-साथ विधुरो को भी पेंशन देने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि 40 से 60 आयु वर्ग के विधुर जिनकी वार्षिक आय ₹3 लाख से कम है, उन्हें भी सरकार की तरफ से ₹2750 प्रति माह पेंशन मिलेंगे ।सरकार के इस कदम से राज्य के सरकारी खजाने पर प्रतिवर्ष 240 करोड रुपए का आर्थिक भार पड़ेगा।
पेंशन ऐसे लोगों की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगी :खट्टर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि कुल 65 हजार अविवाहित पुरुष और महिलाएं और 5687 विधुर इस विशिष्ट आयु वर्ग और आयु सीमा में आते हैं ।उन्होंने कहा कि यह मासिक आय उन्हें उनकी जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा वे लोग जिनकी आयु बहुत कम है,उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में इस पेंशन से कुछ मदद मिलेगी और हमने यही किया है। उन्होंने कहा कि 60 साल की उम्र पूरी करने के बाद इन लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त होगी।

