अक्सर हम लोग पैसे बचाने के चक्कर में इंटरनेट से कोई क्रैक्ड गेम या पैटेड सॉफ्टवेयर डाउनलोड कर लेते हैं। लेकिन, जैसे ही वो सॉफ्टवेयर इंस्टॉल होता है, चुपके से बैकग्राउंड में एक खतरनाक चोर आपके सिस्टम में घुस जाता है।पर रुकिए, यह कोई पुराना या आम मैलवेयर नहीं है जो सिर्फ आपके ब्राउजर से पासवर्ड चुराकर भाग जाए। यह नया चोर अपने साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का पूरा दिमाग लेकर घूम रहा है।
यह सिर्फ आपकी जरूरी फाइलें नहीं खंगालता, बल्कि आपकी जीमेल, स्विगी-जोमैटो की ऑर्डर हिस्ट्री, टेलीग्राम चैट्स और आपका वाई-फाई पासवर्ड तक सब खींच लेता है। इसके बाद यह सारा डेटा क्लॉड या जेमिनी जैसे बड़े AI मॉडल्स के पास भेज देता है और उन्हें एक ऐसा प्रॉम्प्ट थमाता है जैसे कोई जासूस पूछ रहा हो- “जरा इस डेटा को खंगालकर बता कि ये बंदा कितने पानी में है? इसकी नेट वर्थ कितना है और इसे आसानी से कैसे ब्लैकमेल या टारगेट किया जा सकता है?
‘सिस्को टालोस’ ने हाल ही में इसी खतरनाक AI-पावर्ड मैलवेयर का पर्दाफाश किया है, जिसका नाम Volta-Autodoxer है।आइए समझते हैं कि यह बला क्या है और इससे अपनी जान कैसे बचाएं।
Volta एक तरह का इन्फोस्टीलर मैलवेयर है, जिसमें हैकर्स ने AI का एक खतरनाक टर्बो-इंजन फिट कर दिया है, जिसे ‘Autodoxer’ कहा जा रहा है। पहले के जमाने में क्या होता था? हैकर्स जब किसी के पीसी या फोन का डेटा चुराते थे, तो उन्हें लाखों फाइल्स और पासवर्ड्स खुद बैठकर मैनुअली पढ़ने पड़ते थे। इसमें हफ्तों निकल जाते थे यह ढूंढने में कि कौन सा विक्टिम अमीर है, किसका अकाउंट काम का है और किसे फंसाना फायदेमंद रहेगा।
लेकिन इस नए मैलवेयर ने हैकर्स का यह सिरदर्द ही खत्म कर दिया है। सिस्को टालोस के एक्सपर्ट्स ने जब CAIRN फ्रेमवर्क के जरिए इसे ट्रैक किया, तो चौंकने वाले खुलासे हुए। यह मैलवेयर चुराया हुआ सारा कच्चा-चिट्ठा सेकंडों में AI के हवाले कर देता है और पलक झपकते ही विक्टिम की पूरी ‘फॉरेंसिक कुंडली’ तैयार करवा लेता है।
यह मैलवेयर खास तौर पर आज की जनरेशन और टेक-सैवी यूथ को ध्यान में रखकर बनाया गया है।अगर आप दिनभर ऑनलाइन रहते हैं, ऑनलाइन गेमिंर्स हैं या क्रिप्टो में हाथ आजमाते हैं, तो समझ लीजिए यह आपके लिए सबसे बड़ा खतरा है।
आपके पीसी में घुसकर यह क्या-क्या साफ कर देता है, एक नजर डालिए:
ब्राउजर का सारा कच्चा-चिट्ठा: क्रोम या एज में सेव किए गए आपके सारे पासवर्ड्स, क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स और कुकीज।
गेमिंग अकाउंट्स: Steam और Roblox के एक्टिव सेशंस, ताकि आपके सालों की मेहनत वाले इन-गेम एसेट्स और कैरेक्टर्स पर कब्जा किया जा सके।
चैटिंग और सोशल ऐप्स: टेलीग्राम और Discord के लॉगिन टोकन्स।
पैसे-टके का हिसाब: क्रिप्टो वॉलेट के सीड फ्रेजेज, जिन्हें देखते ही आपका पूरा वॉलेट एक झटके में खाली किया जा सकता है।
पर्सनल आदतें: आपकी जीमेल और फूड डिलीवरी ऐप्स (जैसे Swiggy/Zomato की पुरानी ऑर्डर हिस्ट्री) को स्कैन करके यह आसानी से पता लगा लेता है कि आप कहां रहते हैं और आपका लाइफस्टाइल कैसा है।इल
हैकर्स ने इसके अंदर जो कोडिंग सेट की है, वह वाकई दिमाग घुमा देने वाली है:
डेटा का बंडल बनाना (The Data Sweep): सबसे पहले यह किसी नकली सॉफ्टवेयर या क्रैक्ड ऐप के जरिए आपके सिस्टम में घुसपैठ करता है।इसके बाद ऊपर बताई गई सारी फाइलें, टोकन्स और सेशंस को बटोरकर एक सिंगल फाइल तैयार कर लेता है।
OpenRouter का इस्तेमाल: डेटा इकट्ठा होते ही Volta इसे ‘OpenRouter’ नाम के प्लेटफॉर्म पर भेज देता है। यह वह जरिया है जहां से हैकर्स एक ही झटके में दुनिया के बड़े-बड़े AI मॉडल्स को प्रॉम्प्ट्स थमा सकते हैं।
AI से ‘इंटेलिजेंस रिपोर्ट’ बनवाना: यहां मैलवेयर AI चैटबॉट को एक बहुत ही शातिर और लंबा-चौड़ा प्रॉम्प्ट (करीब 240 शब्दों की इंस्ट्रक्शन) भेजता है. प्रॉम्प्ट कुछ यूं होता है-
तुम एक फॉरेंसिक इंटेलिजेंस एनालिस्ट हो।इस डेटा से इस बंदे की पूरी कच्ची चिट्ठी तैयार करो।पता लगाओ कि यह क्या काम करता है, इसकी मार्केट वैल्यू कितनी है, और इसकी सिक्योरिटी (OpSec) में क्या झोल हैं। इसके अलग-अलग डॉट्स को आपस में जोड़ो- जैसे चेक करो कि क्या इसका वाई-फाई पासवर्ड इसके खुद के सरनेम से मैच तो नहीं खाता?
इसकी सबसे खतरनाक बात यह है कि अगर कोई AI मॉडल इसकी बात मानने से इनकार कर दे, तो यह रुकता नहीं है, बल्कि बैकअप ऑप्शंस पर स्विच हो जाता है:
पहला दांव (Claude Opus 4.6): मैलवेयर सबसे पहले चुराया गया डेटा एंथ्रोपिक के क्लॉड ओपस 4.6 को भेजता है।
दूसरा दांव (Kimi K2): अगर क्लॉड की सेफ्टी पॉलिसी (Guardrails) इसे अनैतिक मानकर ब्लॉक कर देती है, तो यह तुरंत चीन के मूनशॉट AI के ‘किमी K2’ (Open-weight model) पर जंप कर जाता है।
तीसरा दांव (Gemini 2.5 Flash): अगर वहां भी बात नहीं बनी, तो यह गूगल के जेमिनी 2.5 फ्लैश मॉडल का इस्तेमाल करके रिपोर्ट निकलवा ही लेता है।
सिस्को टालोस के सिक्योरिटी रिसर्चर रयान फेटरमैन का साफ कहना है कि अब गेम पूरी तरह बदल चुका है। पहले किसी हाई-प्रोफाइल टारगेट को ढूंढने और उसका डेटा पढ़ने के लिए प्रो हैकर्स की जरूरत पड़ती थी, जिसमें हफ्तों लगते थे।उस दौरान यूजर अपना पासवर्ड बदल लेता था या लॉगआउट कर देता था।
लेकिन अब AI की एंट्री से यह काम महज कुछ सेकंड्स में हो जाता है। विक्टिम को संभलने या रिएक्ट करने का मौका ही नहीं मिलता।वैसे, यह पहला मौका नहीं है जब हैकर्स ने AI का ऐसा इस्तेमाल किया हो. हाल ही में Crowdstrike ने भी खुलासा किया था कि दुनिया भर के कई हैकिंग ग्रुप्स सरकारी विभागों, हेल्थकेयर और रिटेल सेक्टर को निशाना बनाने के लिए कमर्शियल AI टूल्स का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं।
जब चोर खुद इतना स्मार्ट हो चुका है, तो हमें और आपको भी थोड़ा समझदार बनना पड़ेगा। इन आसान मगर बेहद जरूरी बातों को हमेशा ध्यान में रखें:
क्रैक्ड ऐप्स से दूर रहें: Volta-Autodoxer जैसे इन्फोस्टीलर्स हमेशा फ्री गेम्स, क्रैक्ड सॉफ्टवेयर या ‘अनलॉक’ की गई फाइलों के रास्ते ही कंप्यूटर में घुसते हैं. इनसे जितना दूर रहेंगे, उतना सुरक्षित रहेंगे।
ब्राउजर में पासवर्ड सेव करना बंद करें: अपने जरूरी अकाउंट्स और क्रिप्टो कीज को कभी भी क्रोम या एज के पासवर्ड मैनेजर में सेव मत कीजिए. इसके लिए किसी भरोसेमंद और एन्क्रिप्टेड पासवर्ड मैनेजर (जैसे Bitwarden या 1Password) का इस्तेमाल करें।
2FA का इस्तेमाल करें: अपने हर जरूरी अकाउंट पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) ऑन रखें. कोशिश करें कि SMS OTP की जगह ‘Authenticator App’ या किसी फिजिकल सिक्योरिटी की का इस्तेमाल हो।
एक्टिव सेशंस लॉग आउट करते रहें: अगर आप कभी दोस्त के लैपटॉप या किसी साइबर कैफे में Telegram, Discord या Steam लॉगिन करते हैं, तो काम खत्म होते ही तुरंत ‘Log Out All Sessions’ पर क्लिक करना न भूलें।

