Guwahati Firing: असम के गुवाहाटी में सोमवार रात गोलीबारी की एक गंभीर घटना सामने आई। GS रोड के लचित नगर स्थित होटल बिलास इन के पास हुई फायरिंग में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। घायलों में होटल के कर्मचारी भी बताए जा रहे हैं।
रात करीब 10 बजे हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे अचानक गोलियां चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
एक घंटे में संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के करीब एक घंटे के भीतर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। उसके पास से .30 बोर की पिस्टल बरामद होने की बात कही गई है। हालांकि, गोलीबारी में उसकी भूमिका और घटना के पीछे की वजह की जांच जारी है।
मौतों और घायलों की जांच जारी
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, घटनास्थल से चार शव बरामद किए गए थे, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान और गोलीबारी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना में घायलों की अंतिम संख्या और वारदात के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

