गुरमीत राम रहीम को फिर मिली 40 दिन की पैरोल, रेप और हत्या के आरोप में है सुनारिया जेल में बंद

0
187

न्यूज डेस्क
रेप और हत्या के आरोप में रोहतक के सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को शनिवार को 40 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया है। दो शिष्यों से रेप के आरोप में उसे 20 साल कैद की सजाई सुनाई गई है। पिछले साल उसे तीन बार 40 दिन की पैरोल मिली थी। इस बार उसे मात्र 56 दिन बाद ही पैरोल पर रिहा किया गया है। राम रहीम दोषी ठहराए जाने के बाद 2017 से हरियाणा की सुनारिया जेल में बंद है।

पैरोल मिलने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था के बीच यूपी के बागपत स्थित बरनावा आश्रम पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा के संस्थापक शाह सतनाम सिंह महाराज का जन्मदिन है इससे पहले उसको पैरोल मिली है।पुलिस के अनुसार गुरमीत राम रहीम के साथ हनीप्रीत व परिवार के सदस्य भी आए हैं। वहीं बागपद जनपद में आने पर राम रहीम को सुरक्षा दी गई है। डेरे के मुख्य द्वार पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया। जानकारी के मुताबिक साध संगत के आश्रम के अंदर प्रवेश करने पर रोक लगाई गई है। सीओ बागपत डीके शर्मा ने बताया कि पैरोल के नियमों का पालन करते हुए आश्रम में भीड़ नही जुटने दी जाएगी। यदि नियमों का उलंघन हुआ तो करवाई भी की जाएगी।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने किया पैरोल का विरोध

दिल्ली ​महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने गुरमीत राम रहीम के पैरोल पर रिहा किया जाने का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि बलात्कारी हत्यारे राम रहीम को एक बार फिर 40 दिन की पैरोल दे दी गई है…बेशर्मी की सारी हदें पार हो चुकी हैं। देशवासी अपनी बेटियों को बचाएं, बलात्कारी आज़ाद घूमेंगे।

सीएम खट्टर बोले-राम रहीम की रिहाई की उन्हें कोई जानकारी नहीं

वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरमीत राम रहीम की रिहाई पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कि उन्हें राम रहीम को 40 दिन की पैरोल मिलने की कोई जानकारी नहीं है। खट्टर ने कहा कि अगर उन्हें जमानत मिली है तो मैं उसमें उसमें दखल नहीं दूंगा। क्योंकि सभी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद ही पैरोल मिलने का अधिकार होता है।

कांग्रेस ने साधा भाजपा पर निशाना

गुरमीत राम रहीम को पैरोल मिलने के बाद लगातार हरियाणा की खट्टर सरकार से सवाल किए जा रहे है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गुरमीत राम रहीम आरोपी नहीं, बलात्कार के दोषी हैं। भाजपा ने उपचुनाव में मदद के लिए पहले भी उन्हें 40 दिन की पैरोल दी थी। अब फिर उन्हें पैरोल दी गई है। राम रहीम जेल गए हैं या छुट्टी मनाने?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here