पशुओं की बीमारियों के सटीक उपचार में सहायक हो सकती हैं यहां होने वाली निशुल्क जांचें
पशुओं में होने वाली जोन्स डिजीज, टीबी, ब्रुसेलोसिस और ग्लैंडर्स टेस्ट की सुविधा भी है यहां
पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, पटना में पशुओं के स्वास्थ्य जांच के लिए बनाई गई है अत्याधुनिक प्रयोगशाला
पटना, 02 अप्रैल।
डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। विभाग द्वारा न सिर्फ बीमार पशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, बल्कि पशुओं के स्वास्थ्य जांच का भी इंतजाम किया जा रहा है। इसी कड़ी में विभाग के अंतर्गत आने वाले पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, पटना में पशुओं के स्वास्थ्य की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां पशुओं के स्वास्थ्य जांच के लिए आधुनिक प्रयोगशालाओं की स्थापना की गई है, जहां खून, मूत्र आदि के सैंपल की जांच कराकर पशुओं में होने वाली बीमारियों की सटीक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, पटना की आधुनिक प्रयोगशालाओं में खून की जांच की बात करें तो यहां ब्लड प्रोटोजोआ, टीसी, डीसी, ईएसआर और हीमोग्लोबिन की जांच निःशुल्क होती है। इसके साथ ही यहां संक्रामक रोगों का पता लगाने के लिए जोंस डिजीज, टीबी, ब्रुसेलोसिस और ग्लैंडर्स टेस्ट की जांच निशुल्क कराई जा सकती है। दूध और मूत्र से संबंधित बीमारियों के लिए मिल्क कल्चर सेंसिटिविटी, यूरिन रूटीन एवं यूरिन कल्चर जांच भी उपलब्ध है।
पोल्ट्री (मुर्गी पालन) से जुड़ी महत्वपूर्ण पीएम जांच, पैरासिटोलॉजिकल, पैथोलॉजिकल, बैक्टीरियोलॉजिकल एवं जल जांच की सुविधा भी यहां निःशुल्क उपलब्ध है। इसके साथ ही पशुओं के गोबर की जांच, स्किन स्क्रैपिंग और लिम्फ नोड बायोप्सी जांच भी यहां निशुल्क कराई जा सकती है।
यहां पशुओं के लिए हो रही इन निःशुल्क जांचों का लाभ पशुपालक उठा सकते हैं। बीमार पशुओं के सटीक उपचार के लिए यहां होने वाली जांचें काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं। पटना में पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, बिहार पशु चिकित्सा महाविद्यालय के समीप स्थित है।

