ब्रिटेन में निर्वासित जीवन जी रहे पाकिस्तानी पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ अब लौटेंगे पकिस्तान ,संभालेंगे पार्टी का नेतृत्व !

0
133


न्यूज़ डेस्क 

पिछले चार साल से ब्रिटेन में निर्वासन में रह रहे पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ अगले महीने पकिस्तान लौट सकते हैं। उनके लौटने की पूरी तैयारी पकिस्तान में उनकी पार्टी कर रही है। पाकिस्तान के मौजूदा निर्वर्तमान प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने मीडिया को बताया है कि नवाज शरीफ अगले महीने पकिस्तान लौटेंगे ताकि पार्टी का चुनाव अभियान को आगे बढ़ा सकें।    
बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को 2018 में अल-अजीजिया मिल्स और एवेनफील्ड भ्रष्टाचार मामलों में दोषी ठहराया गया था। वह अल-अजीजिया मिल्स मामले में लाहौर की कोट लखपत जेल में सात साल की सजा काट रहे थे, इसी दौरान उन्हें 2019 में ‘‘चिकित्सा आधार’’ पर लंदन जाने की अनुमति दी गई थी। और फिर वे पाकिस्तान नहीं लौट पाए।जियो न्यूज’ के साथ एक साक्षात्कार में शहबाज शरीफ ने कहा कि देश में कार्यवाहक सरकार के कार्यभार संभालते ही वह अपने बड़े भाई नवाज शरीफ से मिलने लंदन जाएंगे।               
  शहबाज शरीफ ने दोहराया कि अगर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) इस साल के अंत में होने वाले चुनाव में जीत हासिल करती है तो उनके बड़े भाई चौथी बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनेंगे। उनका यह बयान ऐसे वक्त आया है जब निर्धारित अवधि से तीन दिन पहले बुधवार को नेशनल असेंबली को भंग किए जाने के साथ कार्यवाहक सरकार की नियुक्ति की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई।
                  नवाज शरीफ की वापसी की सटीक तारीख बताए बिना शहबाज शरीफ ने कहा, ‘‘नवाज शरीफ अगले महीने पाकिस्तान वापस आएंगे और कानून का सामना करेंगे और चुनाव अभियान का नेतृत्व करेंगे।’’ संपत्ति छुपाने के आरोप में 2016 में उच्चतम न्यायालय द्वारा आजीवन अयोग्य ठहराए जाने के बाद नवाज शरीफ ने प्रधानमंत्री पद छोड़ दिया था। दोषसिद्धि के विरुद्ध उनकी अपीलें वर्तमान में संबंधित अदालतों में लंबित हैं। शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘वह (नवाज शरीफ) न तो टोपी पहनेंगे और न ही बाल्टी पहनेंगे।’’
                इमरान खान अदालत में सुनवाई के लिए बुलेटप्रूफ हेलमेट पहनते हैं। खान को 2018 से 2022 तक प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान अवैध रूप से सरकारी उपहार बेचने के लिए तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में शनिवार को इस्लामाबाद की निचली अदालत द्वारा तीन साल की की सजा सुनाई गई थी। बाद में पंजाब पुलिस ने उन्हें लाहौर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया था। खान वर्तमान में अटक जेल में बंद हैं। उन्होंने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय  में अपने वकीलों के माध्यम से एक याचिका दायर करके मामले में अपनी दोषसिद्धि और तीन साल की जेल की सजा के खिलाफ अपील की।
             पीएमएल-एन के अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने उम्मीद जताई कि उनकी पार्टी अगला आम चुनाव जीतेगी और वह नवाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार के तहत पार्टी के एक कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे। नेशनल असेंबली के शीघ्र भंग होने से पाकिस्तान निर्वाचन आयोग को 60 दिनों के बजाय 90 दिनों के भीतर देश में आम चुनाव कराने की अनुमति मिल जाएगी, जो संसद का कार्यकाल पूरा होने के लिए निर्धारित समय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here