Fridge Food Alert:आज के समय में फ्रिज हर घर की जरूरत बन चुका है। लोग समय बचाने के लिए खाना बनाकर स्टोर करते हैं या बचा हुआ भोजन फ्रिज में रख देते हैं। हालांकि, यह समझना बेहद जरूरी है कि फ्रिज सिर्फ खाने को कुछ समय तक सुरक्षित रखता है, उसे हमेशा के लिए ताजा नहीं बनाए रख सकता। हर खाने की एक तय समय सीमा होती है, जिसके बाद वह सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
पका हुआ खाना और डेयरी प्रोडक्ट्स की लिमिट
घर का बना पका हुआ खाना फ्रिज में आमतौर पर 2 से 3 दिन तक ही सुरक्षित रहता है। इसके बाद उसमें बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा रहता है। उबला हुआ दूध भी 2 से 3 दिन के भीतर इस्तेमाल करना बेहतर होता है, जबकि पैकेट वाला दूध खोलने के बाद 2 दिन में खत्म कर देना चाहिए। दही 4 से 5 दिन तक ठीक रहती है, लेकिन स्वाद या गंध बदलने पर उसे तुरंत फेंक देना चाहिए।
फल और सब्जियों को लेकर न करें लापरवाही
हरी पत्तेदार सब्जियां 3 से 4 दिन तक फ्रिज में सुरक्षित रहती हैं, जबकि गाजर, बीन्स और फूलगोभी जैसी सब्जियां 5 से 7 दिन तक चल सकती हैं। फलों में सेब और नाशपाती 1 से 2 हफ्ते तक ठीक रहते हैं, लेकिन अंगूर और स्ट्रॉबेरी जैसे फल 3 से 5 दिन में खराब हो सकते हैं। कटे हुए फलों को 24 घंटे के भीतर खा लेना चाहिए।
अंडे, मांस और ब्रेड की सही स्टोरेज
कच्चे अंडे 7 से 10 दिन तक फ्रिज में सुरक्षित रहते हैं, लेकिन उबले अंडे 2 से 3 दिन में खा लेने चाहिए। कच्चा चिकन या मांस 1 से 2 दिन और मछली 24 घंटे से ज्यादा नहीं रखनी चाहिए। ब्रेड 5 से 7 दिन तक ठीक रहती है, लेकिन ज्यादा समय रखने पर इसका स्वाद खराब हो जाता है।
चावल, रोटी और दाल में बरतें सावधानी
फ्रिज में रखे चावल 1 से 2 दिन के अंदर खा लेना चाहिए। रोटी को 12 से 14 घंटे के भीतर इस्तेमाल करना बेहतर रहता है। दाल भी 2 दिन के अंदर खत्म कर देनी चाहिए, क्योंकि ज्यादा समय रखने पर यह पेट से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकती है।
फ्रिज इस्तेमाल करते समय न करें ये गलतियां
खाने को सही तरीके से स्टोर करना भी उतना ही जरूरी है जितना उसकी समय सीमा जानना। गरम खाना सीधे फ्रिज में रखने से बचना चाहिए। कच्चे और पके खाने को अलग-अलग रखना जरूरी है। हमेशा एयर टाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें और फ्रिज का तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच बनाए रखें। अगर खाने में बदबू, फफूंदी या रंग में बदलाव दिखे तो उसे तुरंत फेंक देना चाहिए।

