आज दिल्ली के रामलीला मैदान में किसानो का जुटान ,सुरक्षा के कड़े इंतजाम 

0
187


न्यूज़ डेस्क 

आज दिल्ली के रामलीला मैदान में किसानो का महापंचायत होने जा रहा है। सुबह से ही किसानो की भीड़ दिल्ली पहुँच रही है। किसानो की यह महापंचायत  संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से आयोजित है। उधर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं।            
इससे पहले संयुक्त किसान मोर्चा ने 19 मार्च रविवार को एक बैठक करने के बाद बताया था कि दिल्ली के रामलीला मैदान में 20 मार्च को होने वाली किसान महापंचायत में देश के सभी राज्यों से लाखों किसान हिस्सा लेने के लिए पहुंचने वाले हैं। रामलीला मैदान में किसान महापंचायत के आयोजन को लेकर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर लोगों को सप्ताह की शुरुआत में कुछ रास्तों से बचने की सलाह दी है। एडवायजरी के मुताबिक रामलीला मैदान के आसपास की सड़कों खासकर जवाहर लाल नेहरु मार्ग से दिल्ली गेट से अजमेरी गेट चौक तक के रास्तों से परहेज करने के लिए कहा गया है।
               संयुक्त किसान मोर्चा  की ओर से कहा गया है कि केंद्र सरकार को 9 दिसंबर 2021 को दिए गए लिखित आश्वासन को पूरा करना चाहिए। साथ ही देश के किसानों के सामने बढ़ते संकट को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए। मोर्चा ने एमएसपी पर गठित समिति को किसानों की मांग के विपरीत बताते हुए भंग करने की मांग की। इसके अलावा किसानों को पेंशन देने, कर्ज माफ करने, गांवों में सभी घरों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, किसान आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों को मुआवजा देने और संयुक्त संसदीय समिति को भेजे गए बिजली संशोधन विधेयक-2022 को वापस लेने की मांग की है।
             संयुक्त किसान मोर्चा ने इससे पहले साल 2021 में तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ करीब एक साल तक किसान आंदोलन चलाया था। केंद्र सरकार की ओर से विवादित कृषि कानूनों को वापस लेने, प्रदर्शन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने और एमएसपी की गारंटी समेत तमाम लंबित मांगों पर विचार करने का आश्वासन मिलने के बाद इस किसान आंदोलन को वापस ले लिया गया था। मोर्चा ने तब चेतावनी दी थी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो फिर से किसान आंदोलन शुरू किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here