पलामू (बीरेंद्र कुमार): पलामू जिला के घुटवा राजकीय प्राथमिक विद्यालय में असली शिक्षक गायब रहते हैं और नकली शिक्षक के भरोसे ही यह स्कूल चलता है। ग्रामीणों ने इस बात की शिकायत जिला के उपायुक्त संजनेयुल दोड्डे से की। इस शिकायत पर उपायुक्त संजनेयुल दोड्डे ने पूरे मामले की जांच के लिए सहायक समाहर्ता की अगुआई में एक जांच बैठा दिया।
गांव के व्यक्ति को ही बना रखा था शिक्षक
पलामू जिला के कोटवा गांव के स्कूल में सरकारी शिक्षक के रूप में कुंदन कुमार पदस्थापित थे। वे स्कूल में आकर पढ़ाने की जगह अक्सर कहीं दूसरे जगह रहते थे। महीने में आकर वेतन उठाने के अलावा वह अक्सर इस विद्यालय से गायब ही रहता था। अपनी जगह पर उसने गांव के एक व्यक्ति मोहन कुमार को अपनी जगह स्कूल में आकर बच्चों को संभालने की जिम्मेवारी दी थी। इसके एवज में वह अपनी तनख्वाह से कुछ पैसे उस नकली शिक्षक को दे देता था जो उसकी अनुपस्थिति में विद्यालय में जाकर बच्चों की निगरानी करता था।
पुलिस उपायुक्त ने शिक्षक को किया सस्पेंड
ग्रामीणों की शिकायत पर जब इसी स्कूल की जांच के लिए जांच टीम आई तो इसकी भनक उस नकली शिक्षक को लग गया और वह वहां से फरार हो गया। जांच दल ने शिकायत को सही बताते हुए उपायुक्त को इसकी रिपोर्ट सौंप दी जिसके आधार पर उपायुक्त ने शिक्षक को सस्पेंड कर दिया।

