दुनिया भर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में से एक फेसबुक में बड़ा बदलाव होने वाला है।फेसबुक अपने यूजर्स के एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने के लिए ऐप में बड़ा बदलाव करने की तैयार कर रहा है। वीडियो ऐप्स के लगातार बढ़ते यूजर्स को देखते हुए टिकटॉक और इंस्टाग्राम रील्स की तरह फेसबुक भी वीडियो को लेकर बड़ी तैयारी कर रहा है। फेसबुक ऐसे फीचर पर काम कर रहा है, जिसके आने के बाद जैसे ही आप अपने फोन में फेसबुक ओपन करेंगे, सीधे फुल-स्क्रीन वीडियो आपका स्वागत करेंगे, वैसे ही जैसे टिकटॉक पर होता है। आइए जानते हैं कि मेटा आखिर फेसबुक की पहचान क्यों बदलने जा रहा है और इस नए बदलाव से आपके इस्तेमाल करने का तरीका कैसे बदल जाएगा।
बीते कुछ समय से कम होते यूजर बेस और शॉर्ट वीडियो के बढ़ते क्रेज के बीच मेटा ने फेसबुक को वीडियो-फर्स्ट प्लेटफॉर्म बनाने की तैयारी कर ली है। कंपनी के नए टेस्ट के तहत अब ऐप ट्रिगर होते ही यूजर्स को सीधे टिकटॉक जैसी फुल-स्क्रीन वीडियो फीड दिखाई देगी।टेक जगत में इस कदम को फेसबुक का सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
मेटा का कहना है कि अगले साल तक इस नए फीचर को सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा सकता है। फेसबुक के हेड टॉम एलिसन ने घोषणा की है कि कंपनी इस साल के अंत में एक रीइमेजिन्ड एक्सपीरियंस की टेस्टिंग शुरू करेगी।इसके तहत ऐप ओपन करते ही चुनिंदा यूजर्स को सीधे फुल-स्क्रीन वीडियो दिखाई देगा।मेटा ने फिलहाल इस नए इंटरफेस की झलक शेयर नहीं की है। कंपनी का कहना है कि शुरुआत में यह टेस्ट उन देशों में किया जाएगा जहां वीडियो कंटेंट ज्यादा देखा जाता है। इसके बाद अगले साल इसे रोलआउट करने की योजना है।
फेसबुक के हेड टॉम एलिसन के अनुसार, इस फीचर का टेस्ट फिलहाल कुछ खास यूजर्स के साथ किया जाएगा, जिन्हें वीडियो देखना ज्यादा पसंद है।उन्होंने साफ किया कि यह केवल एक टेस्टिंग है और इसे अंतिम फैसला नहीं माना जाना चाहिए। अगर कोई यूजर इस नए बदलाव से खुश नहीं है, तो उसके पास ऑप्ट-आउट करने यानी पुराने वाले क्लासिक फेसबुक पर वापस लौटने का ऑप्शन होगा।
फेसबुक के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर चैट, कम्युनिटी, लोगों का दिलचस्पी वीडियो में बढ़ती जा रही है। ऐसे में पुराना तरीके पर बने रहने से फेसबुक के पीछे छूटने का खतरा है।मेटा के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, साल 2026 की पहली तिमाही में कंपनी ने अपने सभी प्लेटफॉर्म्स मिलाकर करीब 2 करोड़ एक्टिव यूजर्स गंवा दिए हैं।इस पर इंस्टाग्राम के हेड एडम मोसेरी का कहना है कि यूजर्स सिर्फ अपने फ्रेंड्स और फैमिली के पोस्ट देखकर लंबे समय तक एंटरटेन नहीं हो सकते।इसलिए प्लेटफॉर्म यूजर्स को उनकी पसंद के हिसाब से नए और ट्रेंडिंग वीडियो रिकमेंड करेगा, ताकि उन्हें ऐप पर बेहतर कंटेंट मिल सके।
हालांकि फेसबुक अभी भी दुनिया का सबसे लोकप्रिय सोशल प्लेटफॉर्म है, लेकिन यूट्यूब और टिकटॉक तेजी से इसकी बराबरी कर रहे है।बता दें कि साल 2022 में टॉम एलिसन ने कहा था कि टिकटॉक फेसबुक का पीछा कर रहा है, लेकिन अब स्थितियां इसके विपरीत नजर आ रही हैं।
फेसबुक ने यूजर्स के एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए दूसरे प्लेटफॉर्म्स की तर्ज पर नए फीचर्स भी पेश किए हैं।
Marketplace सेलर्स के लिए Craigslist जैसा एक ऐप लॉन्च किया है, जहां वे अपनी लिस्टिंग, परफॉर्मेंस और खरीदारों से बातचीत को मैनेज कर सकेंगे।
Reddit के सब-रेडिट्स की तरह Facebook Groups के लिए कंपनी ने हाल ही में Forum नाम का एक अलग ऐप लॉन्च किया है।

