उम्र के साथ नजर में बदलाव आना स्वाभाविक है, और आमतौर पर नया चश्मा लगवाने से समस्या हल हो जाती है।लेकिन कभी-कभी, मरीज यही बात कहते हैं, जबकि असल समस्या उनके चश्मे के नंबर से जुड़ी ही नहीं होती। तब तक कई दिन या हफ्ते गुजर चुके होते हैं, और आंखों के मामले में, इतनी देरी यह तय कर सकती है कि नजर बचेगी या चली जाएगी। आगे डॉक्टर तुषार ग्रोवर (मेडिकल डायरेक्टर, विजन आई सेंटर) से संकेत जानते हैं जिन्हें अक्सर सामान्य बदलाव समझ लिया जाता है, लेकिन असल में ये सामान्य नहीं होते।
महीनों के दौरान धीरे-धीरे नजर धुंधली होने और एक ही दिन में नजर कम हो जाने में बहुत बड़ा फर्क है। अगर एक आंख अचानक उस तरह काम करना बंद कर दे, जैसा वह एक दिन पहले कर रही थी, तो इसका मतलब यह नहीं है कि आपको बस नया चश्मा चाहिए। यह रेटिना में रक्त वाहिका (blood vessel) के ब्लॉक होने या ऑप्टिक नर्व (optic nerve) में किसी समस्या का संकेत हो सकता है। अगर इनका समय रहते इलाज न किया जाए, तो ये आंखों को स्थायी नुकसान पहुंचा सकते हैं। धीरे-धीरे होने वाले बदलावों में शायद ही कभी तुरंत इलाज की जरूरत पड़ती है, लेकिन अचानक होने वाले बदलावों में तुरंत इलाज जरूरी होता है।
खासकर 40 साल की उम्र के बाद ‘फ्लोटर्स’ यानी आंखों के सामने तैरते हुए छोटे धब्बे या धागे जैसी आकृतियां नजर आना आम बात है। आमतौर पर इनसे घबराने की जरूरत नहीं होती। लेकिन अगर अचानक बहुत सारे नए फ्लोटर्स दिखने लगें, बिना किसी चेतावनी के रोशनी की चमक दिखाई दे, या ऐसा लगे जैसे एक तरफ से कोई पर्दा धीरे-धीरे आपकी नजर को ढक रहा है, तो यह गंभीर हो सकता है। ये संकेत ‘रेटिनल टियर’ (रेटिना का फटना) या ‘रेटिनल डिटेचमेंट’ (रेटिना का अपनी जगह से अलग होना) के हो सकते हैं। अगर कुछ ही घंटों के भीतर इसका पता चल जाए, तो अक्सर इसका इलाज संभव है। लेकिन अगर कुछ दिनों तक इसे नजरअंदाज कर दिया जाए, तो परिणाम बहुत अलग और गंभीर हो सकते हैं।
बिना पता चले साइड विजन का कम होना ,यह इस सूची में सबसे चिंताजनक बात हो सकती है, क्योंकि अक्सर इसका पता ही नहीं चलता। जैसे-जैसे साइड विजन (peripheral vision) कम होता है, हमारा दिमाग उसे बहुत अच्छे से एडजस्ट कर लेता है, इसलिए अक्सर तब तक पता नहीं चलता जब तक कि नुकसान काफी ज्यादा न हो जाए। साइड विजन का इस तरह धीरे-धीरे और बिना किसी दर्द के कम होना ‘ग्लूकोमा’ (glaucoma) का एक मुख्य लक्षण है। इसमें आंख के अंदर दबाव बढ़ जाता है, जो धीरे-धीरे ऑप्टिक नर्व को नुकसान पहुंचाता है। इसमें लगभग कभी दर्द नहीं होता और न ही इसके कोई स्पष्ट संकेत मिलते हैं। इसका जल्दी पता लगाने का एकमात्र भरोसेमंद तरीका आंखों के दबाव (आई प्रेशर) की सही जांच है। यही कारण है कि जिन लोगों के परिवार में ग्लूकोमा की हिस्ट्री रही है, उन्हें बिना किसी लक्षण के भी अपनी जांच कराने की सलाह दी जाती है।

