नड्डा की तरह ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्षों के कार्यकाल का विस्तार संभव

0
337

अखिलेश अखिल
अब शायद ही बीजेपी फिलहाल अपने संगठन में कोई फेरबदल करे। पहले इस बात की सम्भावना ज्यादा लग रही थी कि पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा के सेवा विस्तार के बाद केंद्रीय स्तर पर भी संगठन में बदलाव होंगे ,साथ ही प्रदेशो में भी पार्टी अध्यक्ष बदले जायेंगे। खासकर बिहार ,झारखंड ,दिल्ली ,मध्य प्रदेश और राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की बात कही जा रही थी। लेकिन अब शायद ही कोई बदलाव हो। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक़ चुनावी राज्यों में अब कोई बदलाव के आसार नहीं है। कुछेक लोगों को बदला जा सकता है लेकिन जिन प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल ख़त्म भी हो गया है ,शायद अब उनका सेवा विस्तार कर दिया जाएगा।

बीजेपी अभी कई राज्यों में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक कर रही है। पुराने अध्यक्ष ही सब काम देख रहे हैं। बिहार की बैठक संपन्न हो गई है। इस बैठक में केवल यह प्रस्ताव सामने आये कि अब भविष्य में कभी भी नीतीश कुमार के साथ गठबंधन नहीं किया जाएगा। इसके अलावा बिहार की बैठक में कोई नयी बात नहीं कही गई। बिहार में बीजेपी के अध्यक्ष संजय जायसवाल है। उनका कार्यकाल ख़त्म हो चुका है लेकिन इस पर कोई बात नहीं हुई है। ऐसे में अब माना जा रहा है कि संजय जायसवाल को आगे भी रखा जा सकता है। उनका सेवा विस्तार हो सकता है।

इसी तरह झारखंड में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक देवघर में हुई, जहां राज्य की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव और आगे के चुनावों पर चर्चा हुई। राज्य सरकार के खिलाफ अभियान चलाने के बारे में भी चर्चा हुई लेकिन संगठन को लेकर विचार नहीं हुआ। वहां भी यही खुसर फुसर रही कि क्या दीपक प्रकाश अध्यक्ष बने रहेंगे? उनका भी कार्यकाल समाप्त हो गया है। परंतु जेपी नड्डा के साथ उनकी नजदीकी को देखते हुए कहा जा रहा है कि उनको कार्य विस्तार मिल सकता है।

राजधानी दिल्ली में दिसंबर में हुए नगर निगम चुनाव में भाजपा के हारने के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने इस्तीफा दे दिया था। उनकी जगह वीरेंद्र सचदेवा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था। अब वे पूर्णकालिक अध्यक्ष के तौर पर काम करते दिख रहे हैं। वे अगले चुनाव की तैयारी में लगे हुए हैं। इस वजह से दिल्ली प्रदेश के जो नेता अध्यक्ष पद की होड़ में थे वे निराश हैं और पता लगाने की कोशिश में हैं कि वीरेंद्र सचदेवा को ही अध्यक्ष बनाया जाएगा या कोई नया अध्यक्ष नियुक्त होगा।

राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया और मध्य प्रदेश के अध्यक्ष वीडी शर्मा को भी बदले जाने की चर्चा थी लेकिन अब कहा जा रहा है कि इन दोनों को भी अगले लोकसभा चुनाव तक विस्तार मिल सकता है। इन दोनों राज्यों में इसी साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। उधर कर्नाटक में भी प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतिल को मई में होने वाले विधानसभा चुनाव तक विस्तार मिलता दिख रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here