न्यूज़ डेस्क
तीन राज्यों में चुनाव होने थे अब जम्मू कश्मीर में भी चुनाव की घोषणा कर दी गई है। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव सितंबर में होंगे। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के लोगों से विकास की गति बनाए रखने और आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा को वोट देने का आग्रह किया।
जम्मू-कश्मीर में भाजपा के चुनाव प्रभारी रेड्डी जम्मू के बाना सिंह स्टेडियम में धारा 370 के निरस्तीकरण की पांचवीं वर्षगांठ पर भाजपा की ओर से आयोजित एकात्म महोत्सव रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि धारा 370 को निरस्त करने के बाद से जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई की गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगा है।
बता दें कि 5 अगस्त 2019 को ही भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाया था। उसके ठीक एक साल बाद 5 अगस्त 2020 को जब पूरी दुनिया कोरोना महामारी का दंश झेल रही थी, उसी समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में 492 साल से चले आ रहे राम मंदिर विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राम मंदिर का शिलान्यास किया।
देश का एक प्रांत जो पहले संस्कृति, कला, साहित्य की समृद्ध स्थली मानी जाती थी। उस जम्मू-कश्मीर को फिर से भारत के साथ जोड़ने का काम करने वाली नरेंद्र मोदी सरकार ने एक साल के अंदर ही देश की सांस्कृतिक मर्यादा के प्रतीक पुरुषोत्तम श्री राम के मंदिर का शिलान्यास कर भारत को सांस्कृतिक समृद्धि का तोहफा दिया।
मोदी सरकार ने दो साल के दौरान दो ऐतिहासिक फैसले लिए। जिसके चलते 5 अगस्त की तारीख अपने आप में खास हो गई। एक तो देश के लोकतांत्रिक मानचित्र को अपना पूर्ण रूप मिला वहीं देश की सांस्कृति धरोहर को इतने सालों बाद एक नया रूप मिलने की तैयारी शुरू हो गई।
