SIR Controversy: वोटरों की Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं। इसी बीच उनकी पूर्व सहयोगी DMK ने तमिलनाडु में SIR को लेकर राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
DMK नेता सरवनन अन्नादुरई ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा कि तमिलनाडु में SIR के दौरान कथित तौर पर बड़ी संख्या में वोटरों के नाम हटाए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस का रुख क्या है।
DMK नेता ने राहुल गांधी से पूछे तीखे सवाल
सरवनन अन्नादुरई ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उस बयान का समर्थन क्यों नहीं कर रहे, जिसमें SIR के बाद चुनी गई राज्य सरकारों को लेकर सवाल उठाए गए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी तमिलनाडु के राजनीतिक समीकरणों के कारण इस मुद्दे पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं।
DMK का दावा है कि तमिलनाडु में SIR के बाद बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए और कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में भी एक लाख से ज्यादा नाम हटने का मुद्दा सामने आया। पार्टी का आरोप है कि इस मामले पर कांग्रेस ने वैसी मुखरता नहीं दिखाई, जैसी वह दूसरे राज्यों में SIR को लेकर दिखा रही है।
कांग्रेस और DMK के रिश्तों में बढ़ी खटास
तमिलनाडु की राजनीति में कांग्रेस और DMK के बीच दूरी बढ़ने के बाद अब यह विवाद राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में है। DMK ने हाल में INDIA गठबंधन की उस बैठक से दूरी बनाई थी, जिसमें SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा होनी थी।
हालांकि, पार्टी ने SIR के मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन के आंदोलन का समर्थन करने की बात कही थी। इसके बावजूद DMK नेता की ओर से राहुल गांधी पर किया गया ताजा हमला दोनों दलों के बीच बढ़ती राजनीतिक खींचतान को दिखाता है।
राहुल गांधी की ओर से अभी जवाब नहीं
DMK के आरोपों और सवालों पर फिलहाल राहुल गांधी या कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में SIR को लेकर विपक्षी एकता के बीच कांग्रेस और DMK के बीच बढ़ती दूरी आने वाले दिनों में राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन सकती है।

