भोपाल में पीएम मोदी ने जो कहा, क्या वह जनता को पसंद आया ?

0
277


अखिलेश अखिल 
भोपाल के जम्बूरी मैदान में प्रधानमंत्री मोदी ने आज जमकर भाषण दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं को इकठ्ठा किया गया था। लोग भी जमे थे। आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिन का कार्यक्रम भी था। बीजेपी ने नाडा आयोजन किया था। प्रधानमंत्री बोलते गए और जनता तालियां बजाती रही। अंत में यह भी पता चला कि पीएम ने जो कुछ भी कहा उसमे नया कुछ भी नहीं था। पिछले बीस सालों से सूबे में बीजेपी की सरकार है और प्रधानमंत्री कांग्रेस और उसकी नीतियों पर हमला करते रहे। नवयुवक खूब हँसते रहे और पुराने लोग यह समझ ही न पाए कि आखिर पीएम मोदी हमला किस पर किस बात के लिए कर रहे है ?
                  प्रधानमंत्री ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी उसी पुराने ढर्रे और मानसिकता पर चल रही है। चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए इनके नेताओं के लिए गरीबों का जीवन मायने नहीं रखता, इनके लिए गरीब का जीवन एडवेंचर टूरिज्म है, गरीब की बस्ती पिकनिक मानने की लोकेशन है, किसान का खेत फोटो सेशन का मैदान बन गया है।
                    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में हाल ही में उदयनिधि स्टालिन समेत कई विपक्षी नेताओं द्वारा सनातन पर दिए गए विवादित बयानों का मुद्दा उठाया। प्रधानमंत्री ने कहा, “घमंडिया गठबंधन सनातन को खत्म करना चाहता है। कांग्रेस के जमीन से जुड़े नेता मुंह पर ताला लगाकर बैठ गए हैं। कांग्रेस पहले बर्बाद हुई, बैंकरप्ट हुई और अपना ठेका दूसरों को दे दिया है। कांग्रेस को अब इसके नेता नहीं चला रहे। कांग्रेस अब कंपनी बन गई है। कांग्रेस का ठेका अर्बन नक्सलियों के पास है। कांग्रेस अब अर्बन नक्सलियों से चल रही है। इसलिए कांग्रेस जमीन पर भी खोखली हो रही है।”
                    अपने भाषण में पीएम ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर बात की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो गए हैं, यानी जो युवा इस बार के चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की सरकार को ही देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, वो बुराइयां नहीं देखी हैं। एमपी में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्य प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा लेकिन कांग्रेस ने साधन संपन्न मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया।
                     पीएम ने कहा, ‘यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था, खस्ताहाल सड़कें, अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और गरीब नहीं देखा। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने मध्य प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाने का कार्य किया है, यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है। आने वाला चुनाव बहुत अहम है, हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगों ने बनाया है, वह विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं। हम अपने आसपास देख रहे हैं, जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे ये बर्बादी लाए, महाराष्ट्र में गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर एक काम बना दिया।
                       पीएम ने भाषण में कहा कि कांग्रेस के पास भविष्य की सोच ही नहीं बची है। कांग्रेस जंग लगा हुआ वह लोहा है जो बारिश में रखे-रखे खत्म हो जाता है। आप देखेंगे कि कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट की आलोचना करती है। कांग्रेस ने डिजिटल इंडिया का विरोध किया, आज भारत के यूपीआई से पूरी दुनिया मंत्रमुग्ध है, लेकिन कांग्रेस को ये भी पसंद नहीं है।
                      प्रधानमंत्री अक्सर अपने भाषणों में कांग्रेस में परिवारवाद का आरोप लगते हैं। आज भी पीएम ने इसके जरिए देश की सबसे पुरानी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘भारत में गौरवपूर्ण काम पहले भी हो सकते थे, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा एक परिवार के गौरव के लिए काम किया। कांग्रेस ने प्रजातंत्र को परिवारतंत्र बना दिया था। कांग्रेस की राजनीति अभाव और गरीबी में फलती-फूलती है। कांग्रेस ने जानबूझ कर देश को गरीब रखा। रोटी, कपड़ा और मकान में ही उलझाए रखा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here