Vishwas Nagar Fire Accident: देश की राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह एक दर्दनाक अग्निकांड ने चार लोगों की जान ले ली। पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बनी ई-रिक्शा पार्किंग में आग लग गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलसकर घायल हो गए। घटना के वक्त मकान के अंदर कुल छह लोग मौजूद थे। दमकल विभाग की टीम ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चार लोगों को बचाया नहीं जा सका।
तड़के मिली आग की सूचना, तुरंत पहुंचीं दमकल की गाड़ियां
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, रविवार 29 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4 बजकर 13 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। यह मकान विश्वास नगर की गली नंबर-11 में यूनिटी मॉल के नजदीक स्थित है। करीब 60 गज के इस मकान के निचले हिस्से में ई-रिक्शा खड़े किए जाते थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग इसी पार्किंग वाले हिस्से में लगी थी।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कर्मचारियों ने तेजी से बचाव अभियान शुरू किया और मकान में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को कैट्स एंबुलेंस और पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) की सहायता से हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चार लोगों ने तोड़ा दम
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य लोग आग की चपेट में आने से लगभग 10 प्रतिशत झुलसे हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने और बचाव कार्य पूरा होने के बाद अभियान समाप्ति का संदेश जारी किया गया।
आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटी एजेंसियां
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि पार्किंग में आग किस वजह से शुरू हुई और वह मकान के अंदर तक कैसे पहुंची।
करोल बाग में भी लगी थी आग
दिल्ली में आग की यह घटना पिछले 24 घंटों के भीतर सामने आया दूसरा बड़ा मामला है। शनिवार 28 नवंबर को करोल बाग के कृष्णा नगर इलाके में एक गोदाम में आग लग गई थी। दोपहर करीब 1 बजकर 18 मिनट पर मिली सूचना के बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। करीब 27 मिनट की मशक्कत के बाद दोपहर 1 बजकर 45 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया था। उस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।

