Delhi NCR Air Pollution: दिवाली के पटाखों ने दिल्ली को बनाया गैस चैंबर! AQI 463 पार, अगले कई दिन सांस लेना होगा मुश्किल

0
4

Delhi NCR Air Pollution: दिवाली के जश्न के बीच राजधानी दिल्ली की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई। आतिशबाजी से निकले धुएं ने शहर के कई इलाकों को धुंध की मोटी परत में ढक दिया। हालात ऐसे हो गए कि सड़कों पर रोशनी भी धुएं के कारण धुंधली नजर आने लगी। कई जगहों पर लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और आंखों में जलन की शिकायतें भी सामने आईं।

आंकड़ों के मुताबिक, रात 10 बजे तक दिल्ली के 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 20 पर AQI गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। इस दौरान राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 371 दर्ज किया गया। सबसे चिंताजनक स्थिति सोनिया विहार में रही, जहां AQI का स्तर 463 तक पहुंच गया।

दिल्ली के इन इलाकों में सबसे जहरीली हुई हवा

दिवाली की रात प्रदूषण ने कई इलाकों में गंभीर स्थिति पैदा कर दी। सोनिया विहार के बाद जहांगीरपुरी में AQI 450 दर्ज किया गया। वहीं, छह निगरानी केंद्रों पर पूरे दिन हवा गंभीर श्रेणी में बनी रही।

इनमें सोनिया विहार, जहांगीरपुरी, पंजाबी बाग, बुराड़ी, ओखला और रोहिणी शामिल हैं। रात 10 बजे तक छह केंद्रों पर हवा खराब श्रेणी में, जबकि 33 केंद्रों पर बेहद खराब स्थिति में दर्ज की गई।

प्रतिबंध के बावजूद दिल्ली में खूब जले पटाखे

पटाखों पर पाबंदी और प्रशासन की अपील के बावजूद राजधानी के कई इलाकों में जमकर आतिशबाजी हुई। पीतमपुरा, बुराड़ी, मयूर विहार और लुटियंस दिल्ली में लोगों ने देर शाम से ही पटाखे जलाने शुरू कर दिए थे।

बाहरी दिल्ली के बुराड़ी में आतिशबाजी का असर ज्यादा देखने को मिला। वहीं, बिशंबर दास मार्ग और लुटियंस दिल्ली में भी देर रात तक पटाखों की आवाज सुनाई देती रही। कुछ इलाकों में रात बढ़ने के साथ आतिशबाजी की रफ्तार जरूर कम हुई।

लोगों ने सोशल मीडिया पर बताई परेशानी

दिल्ली सरकार ने दिवाली से पहले सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार केवल ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल की अपील की थी। पूर्वी दिल्ली के जिलाधिकारी ने 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे तथा रात 8 से 10 बजे तक ही हरित पटाखे जलाने की अनुमति दी थी।

हालांकि, शाम होते ही आतिशबाजी तेज हो गई। रात में धुआं रिहायशी इलाकों तक फैल गया। लोगों ने सोशल मीडिया पर जहरीली गंध, कम दृश्यता और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं साझा कीं।

अगले कई दिनों तक दिल्ली की हवा रह सकती है गंभीर

दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। रविवार को राजधानी का औसत AQI 376 रहा, जबकि शनिवार को यह 369 दर्ज किया गया था।

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुमान के मुताबिक, 9 नवंबर से आने वाले कई दिनों तक दिल्ली की हवा गंभीर श्रेणी में रह सकती है। पटाखों के धुएं के अलावा वाहनों से निकलने वाला प्रदूषण और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं भी स्थिति को बिगाड़ सकती हैं।

प्रदूषण बढ़ने में वाहनों और पराली की भी हिस्सेदारी

रविवार को PM2.5 दिल्ली में प्रदूषण का प्रमुख कारक रहा। दिल्ली के निर्णय सहायता तंत्र के आंकड़ों के अनुसार, प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी करीब 19 प्रतिशत और पराली जलाने का योगदान 3.5 प्रतिशत रहा।

वहीं, सोमवार को पराली के धुएं की हिस्सेदारी लगभग 2.99 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया। हवा की रफ्तार कम होने और प्रदूषकों के पर्याप्त रूप से फैल नहीं पाने के कारण राजधानी में प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना रह सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here