पटना: दरभंगा जिले में चल रही सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए पथ निर्माण मंत्री ई० कुमार शैलेन्द्र की अध्यक्षता में शनिवार को समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, अलाइनमेंट और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं, काम में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ डिबार की कार्रवाई करने की बात कही गई।

इन प्रमुख परियोजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में दरभंगा एलिवेटेड रोड, लोहिया चौक-पंडासराय एलिवेटेड रोड, दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल की अप्रोच रोड और दिल्ली मोड़, कगवा गुमटी, दोनार चौक, चट्टी चौक व पंडासराय में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) की स्थिति पर चर्चा हुई।
इसके अलावा शिवधारा-हरपुर पथ के चौड़ीकरण और हराही-दिग्धी-गंगासागर पोखर एकीकरण परियोजना की भी समीक्षा की गई।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से दरभंगा शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या कम होने और स्थानीय कारोबारियों, मंडियों तथा व्यापारियों को माल ढुलाई में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सोमवार को दरभंगा जाएगी हाईलेवल टीम
परियोजनाओं की प्रगति और जमीनी स्थिति की समीक्षा के लिए पथ निर्माण विभाग के मुख्यालय से वरीय पदाधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम सोमवार को दरभंगा जाएगी। टीम स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेगी।

बैठक में भूमि अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग और पेड़ कटाई जैसी बाधाओं को रेलवे, वन विभाग और जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अतिरिक्त संसाधन लगाकर काम में तेजी लाने को कहा गया।
विभागीय सचिव ने बताया कि परियोजनाओं की लगातार मॉनीटरिंग और स्थल निरीक्षण किया जा रहा है। समयसीमा से पीछे चल रही योजनाओं को तेजी से पूरा करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

