Cyclone Michaung: अपने पीछे बर्बादी के निशान छोड़ गया तूफान मिचौंग,फसलें हुई बर्बाद, दर्जनों की मौत, स्कूल कॉलेज आज भी बंद

0
288

न्यूज डेस्क
देश के दक्षिणी राज्यों में भारी तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान मिचौंग अब कमजोर पड़ गया है। मंगलवार को आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच तट से टकराने से पहले इसने चेन्नई समेत तमिलनाडु के चार जिलों में भारी तबाही मचाई, जिसका विनाशकारी मंजर अभी भी देखने को मिल रहा है। स्कूल और कॉलेज गुरुवार को भी बंद रखे गए हैं और स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षाएं फिलहाल टाल दी गई हैं। गुरुवार को चेन्नई आने-जाने वाली 15 ट्रेनें कैंसिल की गई हैं। भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर से बुधवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई गई।

मिचौंग के असर से हुई भारी बारिश से वेलच्चेरी और तांबरम सहित कई इलाकों में बाढ़ आ गई थी। बुधवार को भी लोगों को जलभराव वाले इलाकों में अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाते देखा गया। अपने बच्चों को लेकर लोगों को सड़कों पर घुटनों तक भरे पानी के बीच से गुजरना पड़ा। तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भारी बारिश जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात मिचौंग के कारण विशेषकर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख जताया है।

इस बीच चेन्नई के बालाचेरी इलाके में दीवार ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक तट से टकराने के बाद चक्रवात मिचौंग धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। उधर आंध्र प्रदेश में मिचौंग तूफान ने काफी तबाही मचाई है। एलुरु के सरकारी अस्पताल में बारिश के कारण जलभराव देखा गया। वहीं गुंटूर में बाढ़ के पानी से मिर्च की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है और खेतों में जलभराव से फसल खराब हो रही है। विजयवाड़ा ग्रामीण में बाढ़ के कारण कई एकड़ फसल खराब होने की भी खबर है।

चक्रवात मिचौंग अब आंध्र प्रदेश का समुद्री तट पार कर चुका है। तट से टकराने की वजह से यह चक्रवाती तूफान अब कमजोर पड़ गया है। हालांकि तमिलनाडु में इसने काफी नुकसान पहुंचाया है। वहां पर तूफान की वजह से 17 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है।

हालांकि चेन्नई में बारिश रुकने के बाद हालात धीरे-धीरे बेहतर होने लगे हैं। इसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट की सेवाएं शुरू हो गई हैं। एयरपोर्ट को अब सभी आगमन और प्रस्थान परिचालनों के लिए खोल दिया गया है। बता दें कि इससे पहले मिचौंग तूफान की वजह से हो रही भारी बारिश के बाद एयरपोर्ट पर पानी भर गया था, जिस वजह से एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here