बीरेंद्र कुमार झा
राहुल गांधी के वीर सावरकर पर दिए गए बयान को लेकर बवाल काफी बढ़ गया है। इसका असर महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे और कांग्रेस के बीच के गठबंधन पर भी पड़ता नजर आ रहा है कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष की बैठक से उद्धव ठाकरे गुट ने किनारा कर लिया था।अब सावरकर के मुद्दे पर संसद भवन में कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट के सांसदों के बीच बैठक हो रही है।इस बैठक में राहुल गांधी भी मौजूद हैं।
संसद की सदस्यता जाने के बाद पहली बार संसद भवन पहुंचे राहुल गांधी
लोकसभा की सदस्यता छीनने के बाद राहुल गांधी पहली बार संसद भवन पहुंचे कांग्रेस के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की बैठक में शामिल होने पहुंचे राहुल गांधी के चेहरे पर संसद की सदस्यता समाप्त हो जाने या सूरत कोर्ट से 2 साल की सजा पाने का जरा भी तनाव नहीं दिख रहा था। मुस्कुराते हुए राहुल गांधी अपनी गाड़ी से नीचे उतरे और संसद भवन में प्रवेश कर गए।
उद्धव ठाकरे और संजय रावत ने राहुल गांधी को दी चेतावनी
वीर सावरकर पर दिए गए बयान पर राहुल गांधी को उद्धव ठाकरे और संजय रावत ने चेतावनी दी हैं। दोनों ने कहा कि वीर सावरकर उनके आदर्श हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनका अपमान करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि महा विकास आघाडी (एमवीए) तीन दलों शिवसेना (UBT), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) का गठबंधन है। इसे लोकतंत्र की रक्षा के लिए बनाया गया था और इसके लिए एकजुट होकर काम करना जरूरी है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि सावरकर हमारे आदर्श हैं और उनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमें अपने लोकतंत्र की रक्षा के लिए मिलकर लड़ना होगा। वीर सावरकर ने 14 साल तक अंडमान जेल में अकल्पनीय यातनाएं झेलीं थी।
शरद पवार ने कांग्रेस से रुख नरम करने को कहा था
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा वी डी सावरकर की आलोचना करने को लेकर महाराष्ट्र विकास आघाडी (MVA) गठबंधन में तनाव के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार ने हस्तक्षेप करके कांग्रेस नेतृत्व को इस मुद्दे पर शिवसेना की चिंताओं से अवगत कराया है। विपक्षी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सावरकर की आलोचना के मामले में अपना रुख नरम करने पर सहमत हो गई है पार्टी द्वारा सावरकर की आलोचना की वजह से महाराष्ट्र में उसके गठबंधन साझेदार एनसीपी और शिवसेना में असहजता है।
राहुल गांधी ने दिया था सावरकर पर बयान
बीजेपी द्वारा विभिन्न मुद्दों पर राहुल गांधी से माफी मांगने के संबंध में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुए सवाल पर राहुल गांधी ने कहा था कि मेरा नाम सावरकर नहीं है, मेरा नाम गांधी है ,और गांधी किसी से माफी नहीं मांगता है।
साबित करें कि सावरकर ने माफी मांगी थी
वीर सावरकर के पोते रंजीत सावरकर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने राहुल गांधी को सावरकर द्वारा ब्रिटिश शासन से माफी मांगे जाने संबंधी दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत करने की चुनौती दी है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि सावरकर के अपमान पर अगर राहुल गांधी माफी नहीं मांगते हैं, तो वे राहुल के खिलाफ अदालत में मामला दर्ज कराएंगे।

