कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बीजेपी के इस दावे को गलत बताया कि उनके फॉलोअर्स पाकिस्तानी हैं। उन्होंने दर्शकों के आंकड़े भी पेश किए, जिनसे पता चला कि 94 फीसदी से ज्यादा यूजर्स भारतीय हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और बीजेपी नेता सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया था कि कॉकरोच जनता पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता में पाकिस्तान की काफी ज्यादा भागीदारी है। केरल बीजेपी के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने इसे ‘सीमा पार से प्रभावित करने वाला ऑपरेशन’ बताया। कॉकरोच जनता पार्टी को बेरोजगारी और नीतिगत मुद्दों पर चर्चा करने की वजह से ऑनलाइन काफी लोकप्रियता मिली। युवा यूजर्स के बीच चर्चित ये कैंपेन अब राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है।
कॉकरोच जनता पार्टी तेजी से देश की नई ऑनलाइन सनसनी बनकर उभरी है। इस कैंपेन बेरोजगारी, शिक्षा नीति और कथित परीक्षा पेपर लीक से जुड़े मीम्स और टिप्पणियों के जरिए लोगों का ध्यान खींचा। हालांकि, सीजेपी की बढ़ती लोकप्रियता के बीच केंद्र की सत्ताधारी बीजेपी ने इस पर सवाल खड़े कर दिए। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कॉकरोच जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए एक्स पर तल्ख शब्दों वाला एक पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा कि मुझे उन लोगों पर तरस आता है जो सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस गैंग से ढूंढते हैं।
बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी आरोप लगाया कि सीजेपी प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तान से काफी ज्यादा जुड़ाव है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के 49 फीसदी फॉलोअर्स पाकिस्तान से हैं, जबकि सिर्फ 9 फीसदी भारत से हैं। बीजेपी के आरोपों का खंडन करते हुए, अभिजीत दीपके ने X पर ऑडियंस एनालिटिक्स का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया और इन आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह हमारी ऑडियंस डेमोग्राफिक की स्क्रीन रिकॉर्डिंग है, जिसे हमने अपना अकाउंट हैक होने से पहले मीडिया के साथ शेयर किया था।
अभिजीत दीपके ने दावा करते हुए कहा कि जब सीजेपी के ज्यादातर ऑडियंस भारतीय हैं, फिर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी क्यों बता रहे हैं? कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर ने इस बीच यह भी आरोप लगाया कि जिस तरह से उनका कैंपेन सुर्खियां बटोर रहा और बीजेपी की ओर से सवाल उठाए जा रहे है। तभी से इस अभियान को कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक साथ मिलकर की गई कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
इससे पहले, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कॉकरोच जनता पार्टी को निशाना बनाते हुए एक कड़े शब्दों वाले पोस्ट में लिखा था कि मुझे उन लोगों पर तरस आता है जो सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस गैंग से ढूंढते हैं। इस बीच केरल बीजेपी के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि CJP एक क्लासिक क्रॉस-बॉर्डर इन्फ्लुएंस ऑपरेशन का हिस्सा है, जिसका मकसद भारत को अस्थिर करना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी सरकार को निशाना बनाना है।
राजीव चंद्रशेखर ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘सोशल मीडिया, बॉट्स, AI और उनके हथियार के तौर पर इस्तेमाल होने के इस दौर में, नकली और देखने में असली लगने वाले नैरेटिव बनाकर किसी देश को अस्थिर करने के लिए ‘इन्फ्लुएंस ऑपरेशन्स’ खतरनाक और असरदार तरीके हैं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ तबके इस अभियान को और हवा दे रहे हैं, और दावा किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के उभार ने विदेशी निहित स्वार्थों में नाराजगी पैदा कर दी है।
राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि मैंने हमेशा यही कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के उभार और उसके आधुनिकीकरण से कई देशों को दिक्कत होगी, और हमारे लगातार आगे बढ़ने की राह में कई रुकावटें खड़ी की जाएंगी। चंद्रशेखर ने वैश्विक संकट के दौरान मोदी सरकार के कामकाज का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि कोई तिलचट्टा, कोई विपक्षी नेता, कोई मोदी-विरोधी जोकर, या कोई विदेशी निहित स्वार्थ भारत के ‘विकसित भारत’ बनाने के संकल्प को रोक नहीं सकता।

