गहलोत- पायलट में सुलह कराने का प्रयास नाकाम,कांग्रेस में अंतर कलह पर गजेंद्र सिंह शेखावत ने कसा तंज

0
133

बीरेंद्र कुमार झा

राजस्थान कांग्रेस में मुख्यमंत्री और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की महीनों से चल रही जंग पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने मंगलवार को चुटकी ली है।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अशोक गहलोत और सचिन पायलट में सुलह कराने के लिए कांग्रेस आलाकमान की कोशिश पूरी तरह से नाकाम हो गई है। उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं के बीच सुलह कराने के प्रयासों का कोई नतीजा नहीं निकलने वाला है। उनकी यह टिप्पणी मंगलवार को उस समय आई, जब सोमवार को अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच आपसी खींचतान को सुलझाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे ने दोनों नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की। सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच 2020 से ही सत्ता को लेकर खींचतान जारी है।

दिल्ली में समझाएं और सीकर में तकरार

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ दिल्ली में अशोक गहलोत और सचिन पायलट में सुलह कराने की कोशिश की जा रही थी, तो वहीं दूसरी तरफ सीकर में कांग्रेस के नेताओं में तकरार की खबरें सामने आ रही थी। इससे पहले भी संदेश भेजने के लिए इसी प्रकार के प्रयास किए गए थे, लेकिन तब भी नतीजा सिफर ही निकला था। उन्होंने कहा कि आप अभी और इंतजार कीजिए तब देखेंगे कि कांग्रेस के इन दोनों नेताओं के बीच मामला सुलझता है या फिर इनकी आपसी लड़ाई और तेज होती है।

गहलोत – पायलट की जंग में राजस्थान का नुक्सान

गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस के इन दोनों नेताओं की आपसी जंग में राजस्थान के विकास और जनता का नुकसान हुआ है। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि मैं सचिन पायलट और अशोक गहलोत की आपसी कलह पर कोई टिप्पणी करना नहीं चाहता हूं, लेकिन इससे राजस्थान की जनता और यहां का विकास बाधित है। अंदरूनी कलह के कारण राजस्थान के मुख्यमंत्री का ध्यान अपनी कुर्सी बचाने पर टिका हुआ है। नतीजतन राजस्थान में कानून की स्थिति काफी खराब हो गई है और राजस्थान विकास की दौड़ में पिछड़ रहा है। राजस्थान के मतदाताओं ने सरकार को बदलने का मन बना लिया है।

चुनाव में एक साथ काम करेंगे गहलोत और पायलट

इस बीच खबर यह भी है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ बैठक के बाद कांग्रेस ने आपसी कलह का अनुमान लगाते हुए कहा है कि ये दोनों नेता आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ मिलकर मुकाबला करेंगे। मलिकार्जुन खरगे के साथ दोनों नेताओं की चर्चा के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमने एकजुट होकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। हम निश्चित रूप से राजस्थान में चुनाव जीतेंगे। अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है। उन्होंने फैसला किया है कि दोनों नेता एक साथ बीजेपी के खिलाफ लड़ेंगे और राजस्थान में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here