बीरेंद्र कुमार झा
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हिंसा के बाद दक्षिण हावड़ा में धारा 144 लगा दी गई है। गुरुवार को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान गुरुवार को दक्षिण हावड़ा के शिवपुर के काजीपाड़ा में जमकर हिंसा के बाद प्रशासन ने वहां धारा 144 लगाया है। हिंसा के इस मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद से फोन पर बात कर स्थिति का जायजा लिया।वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा, साथ ही उन्होंने लोगों से इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की।
रामनवमी की शोभायात्रा की हिंसा के बाद आज फिर भड़की हिंसा
गौरतलब है की रामनवमी की शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान गुरुवार को हावड़ा शहर के काजीपाड़ा इलाके में हिंसा हो गई थी। इसको देखते हुए वहां धारा 144 लगाकर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद शुक्रवार दोपहर बाद अज्ञात लोगों के द्वारा फिर से पथराव शुरू कर दिया गया।जिला प्रशासन ने स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए दक्षिण हावड़ा इलाके में धारा 144 लगा दी है।
केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया इस मामले को
हावड़ा में रामनवमी की शोभा यात्रा के दौरा हुई हिंसा को केंद्र सरकार ने भी काफी गंभीरता से लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद से बात कर स्थिति का जायजा लिया। इस बातचीत के दौरान गृह मंत्री ने हावड़ा के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति जानने का प्रयास किया। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने गुरुवार को हिंसा और मौजूदा स्थिति के बारे में गृह मंत्री को रिपोर्ट भेज दिया है।

