बक्सर: बक्सर जिले में बक्सर और बरूणा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित LC-70A रेलवे ओवरब्रिज (ROB) को लेकर उठ रहे सवालों के बीच संबंधित विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग के अनुसार, जिस रेलवे ओवरब्रिज पर हाल ही में धंसाव की खबरें सामने आई थीं, वह अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ था और न ही उसे आधिकारिक रूप से कमीशन किया गया था।
जानकारी के अनुसार, ROB के पहुंच पथ (Approach Road) निर्माण कार्य के दौरान एक्सपेंशन जॉइंट के पास कंक्रीट के एक हिस्से में तकनीकी क्षति हुई थी। इसके कारण उस स्थान पर आंशिक धंसाव की स्थिति बनी। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का पुल की मुख्य संरचना पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है और पूरा स्ट्रक्चर पूरी तरह सुरक्षित है।
समय से पहले शुरू हुआ ट्रैफिक बना वजह
विभागीय जानकारी के मुताबिक, क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के बाद तकनीकी मानकों के अनुरूप पर्याप्त क्योरिंग और सेटिंग अवधि देना जरूरी था, ताकि संरचना पूरी मजबूती हासिल कर सके। लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही रेलवे प्रशासन ने लेवल क्रॉसिंग (LC) को बंद कर निर्माणाधीन ROB से वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया।
विशेषज्ञों का मानना है कि निर्माणाधीन हिस्से पर समयपूर्व यातायात संचालन के कारण एक्सपेंशन जॉइंट के समीप अतिरिक्त धंसाव उत्पन्न हो गया।
तकनीकी टीम ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निर्माणाधीन ROB पर यातायात रोक दिया।
आम लोगों को राहत, फिर खोला गया लेवल क्रॉसिंग
यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने पुराने लेवल क्रॉसिंग (LC) को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया है। इससे क्षेत्र में आवागमन सामान्य बना हुआ है और लोगों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
जांच और मरम्मत का काम जारी
संबंधित एजेंसियां फिलहाल क्षतिग्रस्त हिस्से की तकनीकी जांच और मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि संरचना की पूरी सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और फिर यातायात संचालन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
विभाग ने साफ किया है कि पुल की मुख्य संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और लोगों को किसी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुसार पूरे किए जाने के बाद ही ROB को पूर्ण रूप से चालू किया जाएगा।

