BSPHCL को बड़ा राष्ट्रीय सम्मान, 1,900 तकनीशियनों की ट्रेनिंग पहल के लिए मिला Skill Excellence Award 2026

0
1

पटना: बिहार के पावर सेक्टर के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) को विद्युत क्षेत्र में बेहतर इंडक्शन स्किलिंग के लिए प्रतिष्ठित “Skill Excellence Award 2026 for Power Sector” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित VOLT कार्यक्रम के तहत PSSC की इंडस्ट्री कंसल्टेशन वर्कशॉप में प्रदान किया गया।

BSPHCL की ओर से ट्रेनिंग को-ऑर्डिनेटर-कम-कंसल्टेंट अशोक कुमार ने पुरस्कार प्राप्त किया। उन्हें यह सम्मान केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के चेयरपर्सन और पावर सेक्टर स्किल काउंसिल (PSSC) के प्रेसिडेंट घनश्याम प्रसाद ने प्रदान किया।

1,900 तकनीशियनों की ट्रेनिंग बनी खास वजह

यह पुरस्कार BSPHCL की उस व्यवस्थित इंडक्शन स्किलिंग पहल के लिए दिया गया, जिसके तहत कंपनी के 1,900 नवनियुक्त तकनीशियनों को प्रशिक्षण देकर विद्युत क्षेत्र में काम करने के लिए तैयार किया गया। विशेषज्ञों की ज्यूरी ने मानकीकृत प्रशिक्षण और नए तकनीकी कर्मचारियों की बेहतर ऑनबोर्डिंग की दिशा में इस पहल को उल्लेखनीय माना।

ऊर्जा सचिव-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, BSPHCL अजय यादव (भा.प्र.से.) ने इसे कंपनी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 1,900 तकनीशियनों की इंडक्शन स्किलिंग से कुशल, सुरक्षित और जिम्मेदार तकनीकी मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

तकनीकी प्रशिक्षण पर लगातार फोकस

BSPHCL पिछले कुछ वर्षों से कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने के लिए इंडक्शन ट्रेनिंग, तकनीकी प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, कौशल उन्नयन और कार्यस्थल आधारित प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम चला रहा है। बदलती तकनीक के साथ कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों, आधुनिक विद्युत प्रणालियों और नई तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here