न्यूज़ डेस्क
कल तक बीजेपी के हर फैसले में हामी भरने वाले नवीन पटनायक अब बीजेपी के रडार पर है। बीजेपी की नेता लेखश्री सामंत सिंघर ने साफ़ किया है कि अब समय आ गया है कि ओडिशा को अब बीजद मुक्त करने की जरूरत है। बीजेपी अब आगामी चुनाव में इस भ्रष्ट सरकार को हटा देगी। इस सरकार में बड़े -बड़े घोटाले किये गए हैं। ऐसे में अब बीजेपी का मुख्य उदेश्य राज्य को बीजद के कुशासन से मुक्त करना है। बीजेपी की पहली प्राथमिकता इस सरकर को हटाना है। यह सरकार 2000 से ही लगातार सत्ता में है और लोगों की हालत लगातार खराब होती गई है। जब तक इस सरकार को हटाया नहीं जाएगा ,राज्य की हालत नहीं बदलेगी।
बता दें कि शनिवार को बीजेपी राज्य कार्यकारिणी की बैठक की है। इस बैठक में प्रदेश के सभी बड़े नेताओं के साथ ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ,राज्य प्रभारी सुनील बंसल ,केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अलावे कई विधायक और संसद शामिल हुए। रणनीति यह बनी कि चाहे जो कुछ भी इस बीजद सरकार को अब सत्ता से बाहर करना है। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए लेखश्री ने चिट फंड घोटाला, कोटिया सीमा विवाद, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर बीजद सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य राज्य को बीजू जनता दल (बीजद) के ‘कुशासन’ से मुक्त करना है, जो 2000 से ओडिशा में सत्ता में है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपनी कार्यकारी समिति की बैठक में एक रणनीति तैयार की है।
सामंत सिंघर ने कहा कि भाजपा ओडिशा में एक करोड़ परिवारों तक पहुंचेगी और उन्हें विभिन्न केंद्र प्रायोजित कल्याणकारी योजनाओं और बीजद सरकार की विफलता से अवगत कराएगी। सूत्रों ने कहा कि भाजपा ने जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए एक विस्तृत खाका तैयार किया है और प्रत्येक विधानसभा तथा लोकसभा क्षेत्र में कई राजनीतिक गतिविधियों की योजना बनाई है।
प्रधान ने बैठक के बाद एक ट्वीट में लिखा, ‘विचार परिवार’ का हिस्सा होने पर गर्व है जो हमेशा ‘सेवा, विकास और विश्वास’ की खोज में रहता है। ‘राष्ट्र-प्रथम’ के मंत्र से प्रेरित होकर हम दिल जीतने, किसी को पीछे न छोड़ने और ओडिशा को मॉडिफाई करने के अपने संकल्प के प्रतिबद्ध हैं।
भाजपा की ‘बीजद-मुक्त’ ओडिशा टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, बीजद नेता और मंत्री प्रमिला मल्लिक ने कहा, पूरे देश के लोग भाजपा-मुक्त भारत बनाने की सोच रहे हैं। अगर वे (भाजपा नेता) लोगों से पूछेंगे, तो उन्हें पता चल जाएगा कि लोग किसका सफाया करना चाहते हैं। पिछले नौ साल में भाजपा सरकार लोगों के कल्याण के लिए एक भी अच्छी पहल करने में विफल रही है।


- Advertisement -