नई दिल्ली: गंदगी और प्रदूषण से बेहाल दिल्लीवासियों ने नगर निगम (एमसीडी)में भाजपा के 15 साल के शासन का सफाया करते हुए आम आदमी पार्टी की झाड़ू पर भरोसा किया है। बुधवार को आए नतीजों में आप ने 250 सीटों में से 134 पर जीत दर्ज की है। वहीं तीन बार से जीत रही भाजपा को 104 सीटों से संतोष करना पड़ा। चुनाव में सबसे अधिक नुकसान झेलने वाली कांग्रेस 30 से सिमटकर 9 सीटों पर आ गयी।
एग्जिट पोल में भारी नुकसान के अनुमान के बावजूद भाजपा ने कड़ी टक्कर दी और दिनभर चली मतगणना में कई मौकों पर आप से आगे निकलती दिखायी दी, हालांकि अंतिम नतीजों में 104 वार्डों में ही उसकी सीट सुनिश्चित हो सकी। तीन निर्दलियों ने भी जीत दर्ज की हैं जीत की घोषणा के बाद अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली मे जन सुविधाओं को दुरुस्त करने का वादा दोहराया। उन्होंने कहा कि नागरिकों ने दिल्ली की सफाई और निगम से भ्रष्टाचार दूर करने की जिम्मेदारी अपने बेटे—भाई को दी है। मैं इस विश्वास को कायम रखूंगा।
कार्यकर्ताओं से बोले केजरीवाल-अहंकार मत करना
जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अहंकार से बड़ी से बड़ी सत्ता गिर गई। अहंकार किया तो जनता माफ करें या ना करें पर उपर वाला कभी माफ नहीं करेगा और उसके बाद पतन पक्का है।
सबसे बड़ी व छोटी जीत भी आप के नाम
चांदनी महल से आप के मो. इकबाल ने कांग्रेस के मो.हामिद को सबसे बड़े अंतर 17,134 वोट से हराया। सीआर पार्क की आप की आशु ठाकुर ने भाजपा की कंचन को सबसे कम 44 वोटों से हराया।
सिसोदिया के क्षेत्र की तीन वार्डों मे हारी आप
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की पटपड़गंज सीट पर आप चार में से तीन सीटें हार गई। भाजपा ने विनोद नगर, मंडावली व मयूर विहार फेज2 वार्ड में जीत दर्ज की। पटपड़गंज में आप विजयी रही।
सत्येंद्र जैन के क्षेत्र में सभी वार्ड हारी आप
दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन के जेल में वायरल वीडियो का असर भी दिखा। सत्येंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्र शकूर बस्ती के तीनों वार्ड सरस्वती विहार, पश्चिम विहार और रानी बाग में आप की हार हुई, सभी भाजपा प्रत्याशी जीते।

