कपिल सिब्बल पर भड़की BJP, बता दिया देश विरोधी

0
19

तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता और सांसद कपिल सिब्बल की टिप्पणियों पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में वकालत करके करोड़ों रुपये कमाने वाले व्यक्ति का देश की संवैधानिक संस्थाओं को लेकर इतना नकारात्मक नजरिया होना दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी विरोध के नाम पर कुछ नेता देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं।


शहजाद पूनावाला ने कहा कि कपिल सिब्बल का बयान यह दिखाता है कि उन्हें भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते अब देश का भी विरोध किया जा रहा है। बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध के कारण भारत की संस्थाओं को निशाना बनाना गलत है।

बीजेपी नेता ने कहा कि 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान कपिल सिब्बल और विपक्षी नेताओं ने कोई आवाज नहीं उठाई थी। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू पर हमला हुआ, बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के काफिले पर हमला हुआ और पंचायत चुनावों के दौरान भी कई बार हिंसा हुई, लेकिन उस समय विपक्ष चुप रहा।

पूनावाला ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर अदालतों ने भी कई बार गंभीर टिप्पणियां की थीं।उन्होंने दावा किया कि उच्च न्यायालय ने राज्य में कानून के शासन पर सवाल उठाए थे और विभिन्न चुनावों के दौरान हिंसा को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने भी चिंता जताई थी।बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि उन मामलों में कपिल सिब्बल ने कभी सार्वजनिक रूप से ऐसी प्रतिक्रिया नहीं दी।

बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि अब जो जानकारी सामने आ रही है, उससे संकेत मिल रहे हैं कि अभिषेक बनर्जी पर कथित हमला TMC के भीतर की गुटबाजी से जुड़ा हो सकता है।उन्होंने कहा कि कुछ तस्वीरें सामने आई हैं और कई TMC विधायक ममता बनर्जी की बैठकों से दूरी बना रहे हैं, जिससे यह मामला पार्टी के अंदरूनी विवाद का प्रतीत होता है।

शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, TMC और कपिल सिब्बल पर एक साथ हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि ये नेता लगातार भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा बलों पर सवाल उठाते रहे हैं।उन्होंने कहा कि बीजेपी से राजनीतिक मतभेद होना अलग बात है, लेकिन उसके नाम पर देश और उसकी संस्थाओं को बदनाम करना स्वीकार्य नहीं है।

अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले को लेकर दिए गए बयानों के बाद बीजेपी और विपक्ष के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। बीजेपी जहां कपिल सिब्बल के बयान को देश और संस्थाओं के खिलाफ बता रही है, वहीं विपक्ष इस मुद्दे पर लगातार सरकार और बीजेपी पर सवाल उठा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here