Bihar News: बिपार्ड पटना को मिला तीसरा ISO 9001:2015 सर्टिफिकेट, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिए बड़े निर्देश

0
6

पटना: बिहार के प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थानों के लिए सोमवार का दिन बड़ी उपलब्धि लेकर आया। बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड), पटना को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया। यह बिहार में इस श्रेणी का तीसरा आईएसओ प्रमाणन है। इससे पहले बिपार्ड, गया और सामान्य प्रशासन विभाग को यह अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण-पत्र मिल चुका है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में आईएसओ प्रमाणन संस्था के प्रतिनिधि तरुण स्वरूप ने बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर को प्रमाण-पत्र सौंपा।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई, बताया गर्व का क्षण

लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिपार्ड को मिला यह अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन संस्थान की गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल बिपार्ड के लिए नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। इससे यह साबित होता है कि राज्य की संस्थाएं अब वैश्विक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप काम कर रही हैं।

प्रशासनिक प्रशिक्षण से मजबूत होगी सुशासन व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिपार्ड राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि संस्थान में पूरे वर्ष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं और 365 दिनों तक प्रशिक्षण व्यवस्था सक्रिय रहती है। बेहतर प्रशिक्षण से अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ती है और सुशासन को नई मजबूती मिलती है।

गया और पटना में बढ़ेगी प्रशिक्षण क्षमता

सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिपार्ड, पटना और बिपार्ड, गया दोनों संस्थानों की प्रशिक्षण क्षमता का विस्तार किया जाए।

उन्होंने कहा कि संस्थानों में आधुनिक तकनीक, डिजिटल लर्निंग, नई प्रबंधन पद्धतियों और प्रशासनिक नवाचारों को शामिल किया जाए ताकि अधिकारियों को समय के अनुरूप प्रशिक्षण मिल सके।

चरणबद्ध कार्ययोजना बनाने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों की जरूरतों को देखते हुए प्रशिक्षण अवसंरचना, संसाधन, मानवबल और पाठ्यक्रमों को मजबूत बनाने के लिए चरणबद्ध योजना तैयार की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दोनों संस्थानों को क्षमता निर्माण और सुशासन के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रभावी रणनीति के साथ कार्य किया जाए, ताकि बिहार प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना सके।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेन्दर, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और आईएसओ प्रमाणन संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here