Bihar News: बिहार के 29 जिलों में बनेंगे वज्रगृह और परीक्षा भवन, पहले चरण में 12 जिलों को मंजूरी

0
6

Bihar News: बिहार में परीक्षा व्यवस्था को और सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा राज्य के 29 जिलों में वज्रगृह/परीक्षा भवन बनाने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है।

इन भवनों के निर्माण के लिए कुल करीब 33.07 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। योजना के पहले चरण में 12 स्थानों पर निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

प्रश्नपत्रों की सुरक्षा होगी मजबूत

नए वज्रगृह और परीक्षा भवनों के बनने से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित होने वाली विभिन्न परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों और अन्य जरूरी सामग्री के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही परीक्षा संचालन से जुड़ी आधारभूत संरचना को भी मजबूत किया जा सकेगा।

सरकार के मुताबिक, यह पहल कदाचार मुक्त और व्यवस्थित परीक्षा आयोजित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। प्रस्तावित भवनों का निर्माण करीब एक से डेढ़ एकड़ भूमि पर किया जाएगा।

इन 12 स्थानों पर पहले चरण में होगा निर्माण

पहले चरण में रोहतास के सासाराम, लखीसराय, बेगूसराय, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण के मोतिहारी, वैशाली, कैमूर, नालंदा, जमुई, कटिहार, नवादा और मधेपुरा में वज्रगृह/परीक्षा भवन के निर्माण को मंजूरी दी गई है।

इनमें सासाराम के श्री शंकर उच्च माध्यमिक विद्यालय, लखीसराय के +2 श्री ढ़ेरनाथ महादेव उच्च विद्यालय, बेगूसराय के राजकीय बुनियादी विद्यालय विष्णुपुर, सीतामढ़ी के मध्य विद्यालय बरियारपुर, मोतिहारी के पीएम श्री जिला स्कूल सहित संबंधित जिलों के चिन्हित शैक्षणिक परिसरों को शामिल किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here