Bihar News: डिजिटल म्यूजियम से जीविका मुख्यालय तक, बिहार की इन बड़ी परियोजनाओं पर सचिव ने कसा शिकंजा

0
3

पटना: बिहार में चल रही बड़ी सरकारी निर्माण परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने के लिए भवन निर्माण विभाग ने निगरानी और सख्त कर दी है। भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को विश्वेश्वरैया भवन में संरचना उपभाग के सभी प्रमंडलों, विद्युत सहित, की परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बिहार विधानसभा डिजिटल संग्रहालय, बिहार लोक भवन परिसर, संयुक्त कार्यालय भवन, जीविका मुख्यालय, एसडीआरएफ बिहटा और बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और समयसीमा की समीक्षा की गई।

समयसीमा टूटी तो एजेंसी पर होगी कार्रवाई

सचिव प्रणव कुमार ने अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने साफ किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयसीमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिया कि परियोजनाओं के निर्माण में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए और कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में विभाग के अपर सचिव, अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और कार्यपालक अभियंता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बिहार विधानसभा में बन रहा डिजिटल संग्रहालय

बिहार विधानसभा परिसर में करीब 1.74 एकड़ क्षेत्र में डिजिटल संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है। फिलहाल प्लिंथ से प्रथम तल तक कॉलम की शटरिंग एवं आरसीसी ढलाई और ग्राउंड फ्लोर की छत की शटरिंग का काम चल रहा है।

भू-तल समेत एक मंजिला बनने वाले इस डिजिटल संग्रहालय में बिहार विधानसभा के गठन से लेकर अब तक के राजनीतिक एवं विधायी इतिहास को डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें बिहार के सभी मुख्यमंत्रियों, विधानसभा अध्यक्षों, विधान परिषद के सभापतियों और विधायकों से जुड़ी जानकारी के साथ पिछले 100 वर्षों के विधान मंडल के गौरवशाली इतिहास को भी डिजिटल रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

बिहार लोक भवन परिसर में कई महत्वपूर्ण निर्माण

पटना स्थित बिहार लोक भवन परिसर में राजेन्द्र भवन, राज्यपाल सचिवालय और अतिथि गृह का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अतिथि गृह का G+1 निर्माण अंतिम चरण की ओर है। वहीं राजेन्द्र भवन B+G+1 और राज्यपाल सचिवालय B+G+2 संरचना में विकसित किया जा रहा है।

बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का काम लगभग पूरा

पटना में करीब 5 एकड़ भूखंड पर बन रहे बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। परिसर में कुछ आवश्यक कार्य अभी जारी हैं।

विश्वविद्यालय का मुख्य भवन G+4 संरचना में विकसित किया गया है। इसमें छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का प्रावधान किया गया है।

संयुक्त कार्यालय भवन और जीविका मुख्यालय पर भी नजर

पटना के पूर्वी गार्डिनर रोड पर निर्माणाधीन संयुक्त कार्यालय भवन का काम भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। यहां प्लास्टर और पुट्टी का काम चल रहा है। सचिव ने शेष कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

वहीं करीब 0.92 एकड़ भूखंड पर बनने वाले जीविका मुख्यालय भवन की भी समीक्षा की गई। प्रस्तावित जीविका मुख्यालय G+7 संरचना का होगा।

बांका और बिहटा की परियोजनाओं को भी तेजी देने का निर्देश

राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, बांका परिसर में प्रशासनिक भवन, बालक एवं बालिका छात्रावास, गेस्ट हाउस समेत अतिरिक्त भवनों का निर्माण जारी है। इसके अलावा एसडीआरएफ, बिहटा से जुड़े शेष निर्माण कार्यों को भी तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

सचिव ने अधिकारियों को परियोजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बड़ी सरकारी परियोजनाओं में देरी या खराब गुणवत्ता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here