Bihar News: बिहार में खेल विकास को नई रफ्तार, श्रेयसी सिंह ने विभागीय योजनाओं की ली बड़ी समीक्षा

0
6

Bihar News: पटना स्थित विकास भवन में बुधवार को बिहार सरकार के खेल विभाग की अहम समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने विभागीय योजनाओं, खेल अवसंरचना और खिलाड़ियों के विकास को लेकर कई बड़े निर्देश दिए। बैठक में नव नियुक्त खेल सचिव विनोद सिंह गुंज्याल, खेल निदेशक आरिफ अहसन समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में खेल विभाग को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने पर जोर दिया गया। खेल मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अब विभागीय कार्यों की समीक्षा हर सोमवार और बुधवार को अनिवार्य रूप से होगी ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन तेज और प्रभावी तरीके से हो सके।

बिहार के खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण

खेल मंत्री ने एकलव्य विद्यालयों और खेल प्रशिक्षण केंद्रों को राज्य की प्रतिभाओं का आधार बताते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया और प्रशिक्षण व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को देश के प्रतिष्ठित प्रशिक्षण संस्थानों और अकादमियों में भेजा जाए।

साथ ही राज्य के प्रशिक्षकों को भी अन्य राज्यों और राष्ट्रीय संस्थानों में आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों को सीखने के लिए भेजने का फैसला लिया गया है। इससे बिहार के खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग और प्रोफेशनल वातावरण मिल सकेगा।

बांका में वाटर स्पोर्ट्स अकादमी, जमुई में बनेगी आधुनिक शूटिंग रेंज

बैठक में बांका के ओढ़नी डैम में प्रस्तावित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी और जमुई में बनने वाली शूटिंग रेंज परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। खेल मंत्री ने भवन निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को जल्द से जल्द विस्तृत मॉडल और DPR तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में अन्य राज्यों की बेहतरीन खेल सुविधाओं और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल को शामिल किया जाए ताकि बिहार में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित हो सकें।

SAI मॉडल पर बनेगा बिहार का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

बैठक में भारतीय खेल प्राधिकरण यानी Sports Authority of India के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मॉडल का अध्ययन कर बिहार में भी उसी तर्ज पर उत्कृष्ट खेल केंद्र विकसित करने की योजना पर चर्चा हुई। इन केंद्रों में विशेषज्ञ कोच, तकनीकी स्टाफ और आधुनिक ट्रेनिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

राजगीर को बनाया जाएगा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल केंद्र

सरकार अब राजगीर को बड़े स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की तैयारी में है। खेल मंत्री ने कहा कि देश के नामी खिलाड़ी और खेल हस्तियों को बिहार से जोड़ा जाएगा ताकि वे यहां आकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दे सकें।

राजगीर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल गतिविधियों के आयोजन पर भी जोर दिया गया है। इससे बिहार के खिलाड़ियों को एक्सपोजर और नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

PPP मॉडल से चलेगा खेल इंफ्रास्ट्रक्चर

बैठक में खेल परिसंपत्तियों के संचालन और रखरखाव के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप यानी PPP मॉडल पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि जिला और प्रखंड स्तर की खेल सुविधाओं के संचालन में निजी भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।

हालांकि इसके लिए SOP, समयबद्ध आवंटन प्रक्रिया और पात्रता मूल्यांकन प्रणाली अनिवार्य होगी। जिला प्रशासन की निगरानी में इस मॉडल को लागू किया जाएगा ताकि खेल परिसंपत्तियों का नियमित उपयोग सुनिश्चित हो सके।

अब खेल परिसंपत्तियों का गैर-खेल गतिविधियों में नहीं होगा इस्तेमाल

खेल मंत्री ने साफ निर्देश दिया कि राज्य की किसी भी खेल अवसंरचना का उपयोग अब गैर-खेल गतिविधियों के लिए नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रगति यात्रा के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की जमीनी समीक्षा पर भी जोर दिया और कहा कि भुगतान और कार्य प्रगति किसी भी स्तर पर बाधित नहीं होनी चाहिए।

बिहार के पहले ओलंपियन शिवनाथ सिंह को मिलेगा सम्मान

बैठक में बिहार के महान धावक और राज्य के पहले ओलंपियन शिवनाथ सिंह को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मंत्री ने कहा कि 1976 और 1980 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले शिवनाथ सिंह का योगदान नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। खेल भवन में उनके जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा ताकि युवा खिलाड़ी प्रेरणा ले सकें।

सितंबर 2026 में होगा बिहार राज्य खेलों का बड़ा आयोजन

बैठक में बिहार ओलंपिक संघ द्वारा 27 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले राज्य खेलों की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। संघ के अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि यह आयोजन बिहार के खेल इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा।

सरकार ने फैसला लिया कि अन्य राज्यों के सफल खेल आयोजनों की बेहतरीन व्यवस्थाओं को अपनाते हुए बिहार में भी हाई-स्टैंडर्ड स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित किए जाएंगे। विजेता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में प्रशिक्षण का अवसर भी दिया जाएगा।

खिलाड़ियों के लिए शुरू होगा इंटर-स्टेट एक्सचेंज प्रोग्राम

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बिहार के खिलाड़ियों को अन्य राज्यों की उत्कृष्ट खेल सुविधाओं में प्रशिक्षण दिलाने के लिए इंटर-स्टेट एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा पंचायत और प्रखंड स्तर पर तैयार खेल परिसंपत्तियों को चरणबद्ध तरीके से खेल संघों को सौंपा जाएगा ताकि उनका नियमित संचालन और उपयोग हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here