Purnia News: बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूर्णियाँ पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए एक विशेष अभियान चलाया। CEIR Portal (Central Equipment Identity Register) के माध्यम से जिले भर में दर्ज मामलों की जांच की गई, जिसके बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।
90 मोबाइल बरामद, लाखों की रिकवरी
इस विशेष अभियान के तहत पूर्णियाँ जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज सनहा और ऑनलाइन शिकायतों के आधार पर कुल 90 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इन मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई जिले में अब तक की बड़ी मोबाइल रिकवरी में से एक मानी जा रही है।
मोबाइल मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन को 25 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक द्वारा उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

टेक्निकल टीम की मेहनत लाई रंग
इस पूरे ऑपरेशन में तकनीकी शाखा की अहम भूमिका रही। टीम ने CEIR Portal और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइल ट्रैक कर उन्हें बरामद किया। लगातार मेहनत और सटीक इनपुट के कारण इतने बड़े स्तर पर रिकवरी संभव हो सकी।
उत्कृष्ट कार्य पर पुलिसकर्मियों को सम्मान
मोबाइल बरामदगी अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित भी किया गया। सदर थाना, सरसी थाना और कसबा थाना के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके काम की सराहना की गई।
जनता से पुलिस की अपील
पूर्णियाँ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत CEIR Portal पर शिकायत दर्ज करें और नजदीकी थाना में जानकारी दें। इससे मोबाइल की बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है।

