बिहार में शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू, 29 जुलाई से खुलेगा ऑनलाइन पोर्टल; 5 अगस्त तक होंगे आवेदन

0
6

Bihar News: बिहार के लाखों शिक्षकों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित स्थानांतरण प्रक्रिया अब शुरू होने जा रही है। शिक्षा विभाग ने बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के तहत शिक्षकों के तबादले की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही पूरी प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम भी सार्वजनिक कर दिया गया है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इसे शिक्षकों के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि विभाग ने तय समय के अनुसार स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य सरकार की मंजूरी मिलने के बाद अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संचालित होगी।

29 जुलाई से खुलेगा ट्रांसफर पोर्टल

शिक्षा विभाग के अनुसार शिक्षकों के लिए ऑनलाइन ट्रांसफर पोर्टल 29 जुलाई 2026 से खुल जाएगा। इच्छुक शिक्षक 5 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इस दौरान समायोजन (Adjustment), समानुपातीकरण (Rationalization) और पारस्परिक स्थानांतरण (Mutual Transfer) के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

तीन चरणों में पूरी होगी पूरी प्रक्रिया

विभाग ने स्थानांतरण प्रक्रिया को तीन चरणों में पूरा करने का निर्णय लिया है।

पहला चरण: समायोजन और समानुपातीकरण

7 अगस्त से 9 सितंबर तक समायोजन एवं समानुपातीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस दौरान सूची का प्रकाशन, आपत्तियां और अपीलों का निस्तारण भी किया जाएगा।

दूसरा चरण: पारस्परिक स्थानांतरण

10 से 14 सितंबर के बीच जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियां पारस्परिक स्थानांतरण के मामलों का निपटारा करेंगी।

तीसरा चरण: सामान्य स्थानांतरण

सामान्य तबादले के लिए 16 सितंबर को विद्यालयवार रिक्त पदों की संशोधित सूची जारी की जाएगी। इसके बाद शिक्षक 17 से 23 सितंबर तक अपनी पसंद के विद्यालयों का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन और पारदर्शी

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से होगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी और समयबद्ध तरीके से सभी चरण पूरे किए जाएंगे। विभाग ने पात्र शिक्षकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

एक नजर में पूरा शेड्यूल

प्रक्रिया तिथि

  • समायोजन एवं पारस्परिक स्थानांतरण के लिए आवेदन 29 जुलाई – 5 अगस्त
  • समायोजन एवं समानुपातीकरण 7 अगस्त – 9 सितंबर
  • पारस्परिक स्थानांतरण 10 – 14 सितंबर
  • विद्यालयवार संशोधित रिक्तियों की सूची 16 सितंबर
  • सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन 17 – 23 सितंबर
  • सामान्य स्थानांतरण सूची, अपील एवं निष्पादन 24 सितंबर – 31 अक्टूबर

शिक्षा विभाग का कहना है कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर की समितियां स्थानांतरण से जुड़ी कार्यवाही पूरी करेंगी, ताकि शिक्षकों को समय पर नई पदस्थापना मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here