Bihar News: बिहार में अवैध खनन करने वालों की अब मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। खान एवं भूतत्व विभाग का कार्यभार संभालते ही मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार एक्शन मोड में नजर आए। सोमवार को पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जो लोग वैध तरीके से काम कर रहे हैं, उन्हें डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।
“अवैध खनन करने वालों की अब खैर नहीं”
मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जल्द ही विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की जाएगी, जिसमें राज्यभर में वैध और अवैध खनन गतिविधियों की पहचान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि खनन कार्य नियमों और पर्यावरणीय मानकों के तहत ही संचालित हो।
बंद पहाड़ों की कटाई पर भी सरकार गंभीर
मीडिया द्वारा बंद पहाड़ों की कटाई को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि इस मामले में जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भू-वैज्ञानिकों से चर्चा और तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
इस बयान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि सरकार खनन मामलों में वैज्ञानिक और कानूनी प्रक्रिया को प्राथमिकता देना चाहती है।
विभागीय अधिकारियों ने किया स्वागत
कार्यभार संभालने के दौरान विभागीय अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार का स्वागत किया। इस मौके पर विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में खान एवं भूतत्व विभाग में कई बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।
बिहार में Mining Mafia पर बढ़ेगा शिकंजा
मंत्री के सख्त तेवर के बाद अब बिहार में अवैध खनन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई की उम्मीद बढ़ गई है। सरकार की नई रणनीति से साफ है कि आने वाले समय में अवैध बालू खनन, पत्थर कटाई और अन्य गैरकानूनी खनन गतिविधियों पर नकेल कसने की तैयारी हो चुकी है।

